प्रदेेश के इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, फार्र्मेसी और आर्किटेक्चर कॉलेजों में दाखिले के एकेटीयू द्वारा आयोजित राज्य प्रवेश परीक्षा (यूपीएसईई-2019) का परिणाम घोषित कर दिया गया है। प्रवेश परीक्षा में आईसीएसई बोर्ड की दसवीं की परीक्षा में जिले के संयुक्त टॉपर मो. शाद ने ओवरऑल 29 रैंक हासिल कर शहर का नाम रोशन किया है।
वहीं नीलभ सिंघानिया ने ओवरऑल 38, अफीक अहमद ने 82 और अमृत त्रिपाठी ने 87 रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। सोमवार की शाम परिणाम घोषित होने के बाद से इन मेधावियों के घर जश्न का दौर शुरू हो गया। घरवालों ने बच्चों का मुंह मीठा करा, बधाई दी। देर रात तक रिश्तेदारों और मित्रों के बधाई देने का सिलसिला जारी रहा। इसके बाद विद्यार्थी कोचिंग सेंटर पहुंचे वहां गुरुओं का आशीर्वाद लिया और ग्रुप फोटो खिंचवाए। अभिभावकों के साथ मंदिर जाकर विद्यार्थियों ने पूजा अर्चन की और प्रसाद ग्रहण किया।
ऑल टाइम टॉपर हैं मो. शाद
गोरखपुर। पहले आईसीएसई (दसवीं) बोर्ड परीक्षा में संयुक्त रूप से जिला टॉपर और अब यूपीएसईई की प्रवेश परीक्षा में ओवरऑल 29वीं रैंक हासिल करने वाले मो. शाद जिले के ऑल टाइम टॉपर बन गए हैं। उन्होंने बताया कि भौतिकी में बचपन से गहरी रूचि है। इसी दिशा में आगे बढ़ना है। पहला टारगेट आईआईटी से इंजीनियरिंग करने का है। जेईई एडवांस के रिजल्ट का इंतजार है।
शाद बताते हैं कि सफलता का श्रेय अपने नाना एआर मलिक (सेवानिवृत्त सीडीओ) को देता हूं। उनके मार्गदर्शन में अब तक सफलता मिली है। उनका सपना है कि भौतिक वैज्ञानिक बनूं। इसे पूरा करने में पूरे जीजान से लगा हूं। रुस्तमपुर में लखनऊ मेट्रो में कार्यरत इंजीनियर पिता तस्नीम अहमद के साथ रहने वाले मो. शाद बचपन से ही पढ़ाई में बेहद मेधावी रहे हैं।
- नाम: मो. शाद
- पिता: तस्नीम अहमद
- मां: निकहत परवीन
- 10वीं: 96.6 फीसदी
- पसंद: किताबें पढ़ना
कैटलिस्ट के छात्रों ने हासिल की सफलता
गोरखपुर। यूपीएसईई में कैटलिस्ट के होनहारों ने भी सफलता प्राप्त की है। सफल छात्रों ने कैटलस्टि की विश्वसनीयता को एक बार फिर साबित कर दिया है। कैटलिस्ट कोचिंग के वरुण कुमार मिश्रा 206 रैंक, रजत सिंह 553, आयुष प्रताप सिंह 885 ईशान सिंह 1367 रैंक हासिल कर संस्थान का नाम ऊंचा किया है। संस्थान के 334 छात्रों ने 5 हजार रैंक के अंदर स्थान प्राप्त किया। सफल छात्रों ने सफलता का श्रेय शिक्षक रजनीश, विनय, महेंद्र, को दिया।
मोमेंटम के कई छात्र हुए सफल, राहुल को 9वीं रैंक
गोरखपुर। बेतियाहाता स्थित मोमेंटम कोचिंग के छात्रों ने यूपीएसईई में भी अपना दबदबा कायम रखा। संस्थान के राहुल सिंह रैंक 9, अमृता त्रिपाठी 52, आशीष गुप्ता 87, साकेत श्रीवास्तव 187, शिवांशु पांडेय 248 व सौम्या वैश ने 88 रैंक हासिल कर संस्थान का मान बढ़ाया है। संस्थान के निदेशक ने सभी सफल छात्रों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। सभी सफल छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय संस्थान के शिक्षक संजीव कुमार, अरविंद त्रिपाठी और विकास अग्रवाल को दिया। कहा कि इसके अलावा छात्रों को संस्थान के अन्य शिक्षक नवनीत सिंह, अभिषेक यादव, ओम गिरी, एसएन चौहान, भूपेंद्र सिंह, सीपी और आरपी का समय समय सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहता है।
इंजीनियर बनकर देश सेवा की ठानी
- 38वीं रैंक हासिल करने वाले नीलभ सिंघानिया
यूपीएसईई में ओवरआल 38वीं रैंक हासिल करने वाले नीलभ सिंघानिया इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना चाहते हैं। उन्हें इंजीनियरिंग से इतना लगाव है कि वो इसके अलावा किसी दूसरे क्षेत्र में करिअर बनाने के बारे में नहीं सोचते हैं। सोमवार को परिणाम घोषित होने के बाद उन्हें फोन पर जब रिजल्ट की जानकारी हुई तो वो झूम उठे। बहराइच स्थित नानी के घर गए नीलभ ने बताया कि पेपर अच्छा हुआ था। उन्हें पूरी उम्मीद थी वो शीर्ष 100 में जगह बनाने में जरूर सफल होंगे। बेतियाहाता में व्यवसायी पिता नवनीत सिंघानिया और दादा उमेश सिंघानिया के साथ रहने वाले नीलभ दो भाइयों में बड़े हैं। उन्होंने इंटर की पढ़ाई एकेडमिक हाइट्स स्कूल से की है। परिवार में उनकी चचेरी बहन इंजीनियर हैं। उन्हें देखकर कर नीलभ ने इंजीनियर बनने का फैसला किया।
छह जून से होगी काउंसिलिंग
यूपीटीयू की ओर से काउंसिलिंग का आयोजन दो चरणों में होगा। पहले चरण की काउंसिलिंग 6-18 जून और दूसरे चरण की काउंसिलिंग 15-28 तक होगी। एक जुलाई से नए सत्र की शुरूआत होगी। पहले चरण की काउंसिलिंग के लिए 112000 रैंक हासिल करने वाले अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा। वहीं पूल काउंसिलिंग 28 जून से 8 जुलाई तक होगी। अभ्यर्थी वेबसाइट(upbed2019.in) पर काउंसिलिंग के जुड़ी जानकारी मंगलवार से देख सकेंगे।
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।