गोरखपुर। नौकरी में रहते हुए दूसरों की हदें तय करने वाले गोरखपुर विकास प्राधिकरण(जीडीए) के एक आला पद से सेवानिवृत्त हुए अफसर ने खुद के लिए जब निर्माण शुरू कराया तो सभी नियम-कायदों को ताक पर रख दिया। हालांकि प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अमित सिंह बंसल ने भी पूरी इमारत पर बुलडोजर चलवाकर एक अलग तरह का संदेश दिया कि आम हो या अपने, शासन द्वारा तय हदें सभी के लिए एक हैं, जिसे हर किसी को मानना पड़ेगा।
करीब डेढ़ दशक पहले प्राधिकरण के मुख्य अभियंता पद से सेवानिवृत्त हुए एसएन त्रिपाठी देवरिया बाईपास रोड पर रामगढ़ताल पुलिस चौकी के सामने निर्माण करा रहे थे। दूसरे तल पर लिंटर डालने का काम पूरा हो गया था। इसी बीच किसी ने जीडीए उपाध्यक्ष से शिकायत की कि अवैध तरीके से मकान का निर्माण कराया जा रहा है। उपाध्यक्ष ने जब जांच कराई तो पता चला कि जिस जमीन पर मकान का निर्माण कराया जा रहा है वह विनियमितिकरण क्षेत्र में पड़ती है। वहां मानचित्र ही नहीं स्वीकृत हो सकता। उपाध्यक्ष के निर्देश पर प्रवर्तन टीम अब पूरी बिल्डिंग को बुलडोजर लगाकर जमींदोज करने में जुट गई है। शनिवार को मकान का काफी हिस्सा तोड़ दिया गया। ध्वस्तीकरण का काम अभी जारी रहेगा।
होटल भी किया गया सील
गोरखपुर। बिना मानचित्र स्वीकृत कराए ही ऊपर के दो तल का निर्माण कराने पर जीडीए के पूर्व मुख्य अभियंता एसएन त्रिपाठी के ही निर्माण के बगल में स्थित बीना शुक्ला के होटल को भी जीडीए ने सील कर दिया। साल भर पहले भी निर्माण को सील करने की कार्रवाई हुई थी। मगर उन्होंने उसे तोड़ दिया। इसपर जीडीए की टीम ने इस बार दरवाजे को लोहे की चादर और बेल्डिंग मशीन की मदद से पूरी तरह बंद कर दिया। सील तोड़ने के मामले में भी जीडीए होटल मालिक पर कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
नियमितिकरण क्षेत्र में निर्माण कराया जा रहा था। यहां मानचित्र ही नहीं स्वीकृत हो सकता। अवैध निर्माण रोकने के लिए एसएन त्रिपाठी को दो-तीन बार नोटिस भी दिया गया था मगर उन्होंने उसकी अनदेखी कर निर्माण जारी रखा। उपाध्यक्ष के निर्देश पर पूरा निर्माण ध्वस्त कराया जा रहा है।
- राम सिंह गौतम, सचिव, जीडीए
कुछ बड़े व्यवसाइयों पर भी हाथ डालेगा प्राधिकरण
अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त हुए गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अमित सिंह बंसल के निर्देश पर प्राधिकरण के अफसर पार्क रोड स्थित कुछ बड़े व्यवसायियों के अवैध निर्माण भी ध्वस्त कराने की तैयारी में जुटे हैं। प्राधिकरण के विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक अगले सप्ताह प्रवर्तन टीम पार्क रोड स्थित दो बड़े प्रतिष्ठानों के कुछ अवैध हिस्से पर बुलडोजर चलाएगा। इन दोनों व्यवसायियों को प्राधिकरण की तरफ से नोटिस भी भेजा जा चुका है।
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।