गोरखपुर। बॉटनिकल सोसायटी ऑफ अमेरिका (बीएसए) की ओर से गोरखपुर विश्वविद्यालय के दो प्रोफेसर समेत सात शोधार्थी अंतर्राष्ट्रीय कांफ्रेंस में शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे। वनस्पतियों की गुणवत्ता, महत्ता पर आधारित यह कांफ्रेंस अमेरिका के टक्सान एरिजोना में 27 से 31 जुलाई तक होगी। बीएसए की ओर से नामित कांफ्रेंस डायरेक्टर जोहाने स्टोग्रेन के जरिए ई मेल से आमंत्रण पत्र मिलने के बाद विभाग में इसकी तैयारियां शुरू हो गईं हैं। यात्रा भत्ते की व्यवस्था के लिए विभागाध्यक्ष प्रो. वीएन पांडेय ने सीएसआईआर व डीएसटी को पत्र लिखा है।
वनस्पति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. पीएन पांडेय बीएसए के आजीवन सदस्य हैं और उनकी संस्तुति पर बीते वर्ष यहां के सात शोधार्थी भी बीएसए के सदस्य नामित हुए हैं। इसके अलावा एमेरिटस प्रो. ईश्वर दास को भी बीएसए ने अंतर्राष्ट्रीय कांफ्रेंस के लिए निमंत्रण भेजा है। इस कांफ्रेंस में 65 देशों के 1200 से अधिक विशेषज्ञ एवं आजीवन सदस्य बने वैज्ञानिक भाग लेंगे। विश्वविद्यालय में यह पहला अवसर है जबकि इतनी संख्या में शोधार्थियों को किसी अंतर्राष्ट्रीय कांफ्रेंस में एक साथ आमंत्रित किया गया है। प्रो. वीएन पांडेय ने बताया कि शोधार्थी अनीता राव, नेहा तिवारी, विनीता सिंह, बागेश्वरी, सर्वेश पटेल, अजय धवन व सर्वेश शरण पांडेय को भी पहली बार इस अंतर्राष्ट्रीय कांफ्रेंस में जाने का निमंत्रण मिला है। सभी शोधार्थी इसे लेकर बेहद उत्साहित हैं। कांफ्रेंस में भाग लेने से शोधार्थियों को बहुत कुछ सीखने का मौका मिलेगा।