- परिवार के विरोध करने पर मारपीट भी की, सादे कपड़ों में थे सिपाही
- पुलिस ने पीड़ित पर ही मारपीट का केस दर्ज करने की दी धमकी
- डरकर महिला ने तहरीर वापस ली, सीओ बोले तहरीर दें तो होगी कार्रवाई
गोरखपुर कचहरी चौक पर स्थित एक होटल में परिवार के साथ आई किशोरी से सादे कपड़ों में मौजूद सिपाहियों ने छेड़खानी की। बुधवार की रात वारदात के बाद किशोरी की मां ने एक सिपाही को थप्पड़ मार दिया जिससे नाराज होकर सिपाही मारपीट पर उतारू हो गए। पीड़िता ने घटना की सूचना डायल 100 पर दी और पुलिस भी आई।
विज्ञापन
इसी बीच सादे कपड़ों में मौजूद दो सिपाही वहां से भाग निकले। जबकि एक को भीड़ ने दौड़ाकर पकड़ लिया। थाने पर कार्रवाई की जगह पुलिस ने सिपाही से मारपीट करने का केस दर्ज करने की धमकी दे दी। इस पर पीड़िता डर गई और पुलिस को दी गई तहरीर लेकर वापस लौट गई।
महराजगंज, सिसवा का रहने वाला एक परिवार गोरखपुर बुधवार को बाजार करते आए थे। बाजार करने के बाद पति, पत्नी और बेटा, बेटी एक होटल में खाना खाने चले गए। रात में ही उनकी ट्रेन थी। होटल में बेटा और बेटी जिस टेबल पर बैठे थे उसके सामने वाली टेबल पर तीन सिपाही भी खाना खा रहे थे। तीनों सादे कपड़ों में थे।
विज्ञापन
आरोप है कि एक सिपाही ने दंपती के बेटी से अश्लील हरकत की। छोटे बेटे ने मां को बताया तो मां गुस्से में आ गई और सिपाही को थप्पड़ मार दिया। इस पर तीनों ने अपने आप को सिपाही बताते हुए पिटाई शुरू कर दी। महिला को पिटता देख राहगीर उनकी मदद को आ गए। इस पर दो तो भाग निकले लेकिन भीड़ ने पीछा कर एक को पकड़ लिए।
इस बीच 100 नंबर की सूचना पर पीआरवी 0313 भी पहुंच गई। उसने भीड़ से सिपाही को बचाकर गाड़ी में बैठाया। सिपाही के साथ पीड़ित परिजनों को लेकर वह कोतवाली पहुंचे। राहगीर भी पीछे-पीछे कोतवाली पहुंच गए। जब कोतवाल को सिपाही का मामला मालूम चला तो वह पीड़ित पर ही केस दर्ज करने की धमकी देने लगे।
छेड़खानी को नजरअंदाज कर कोतवाल ने सिपाही को पीटने की घटना को मुद्दा बना लिया। उन्होंने कहा कि छेड़खानी पर पुलिस को फोन कर सकती थीं सिपाही पर हाथ क्यों छोड़ा। बाद में परिवार भी डर गया और तहरीर वापस लेकर सिसवां लौट गए।