गोरखपुर। शहर के सैनिक कुंज के लगभग 10 हजार लोगों को बृहस्पतिवार को बिजली और पानी के लिए तरसना पड़ा। इन इलाकों में बिजली कटौती से हाहाकार मच गया। बड़ी संख्या में इलाके के बच्चे स्कूल नहीं जा सके।
मोहद्दीपुर उपकेंद्र से जुड़े सैनिक कुंज समेत आसपास के इलाकों में बृहस्पतिवार की सुबह 5:30 बजे कटौती आफ त लेकर आई। दोपहर में एक बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। इसके बाद अचानक वोल्टेज की समस्या शुरू हो गई। लोगों ने इसकी सूचना उपकेंद्र को दी। सुबह से आपूर्ति बाधित होने पर लोगों ने उपकेंद्र में फोन कर कटौती के बारे में पूछा। पता चला कि उपकेंद्र से इलाके में बनाई गई नई लाइन में कुछ तकनीकी गड़बड़ी होने की वजह से अचानक कटौती हो गई। एसडीओ नीति मिश्रा ने बताया कि ओवरलोड की वजह से लाइन में फाल्ट हो गया था। सूचना मिलने और फाल्ट खोजने में थोड़ा समय लग गया।
चुनाव परिणाम देखने में हुई दिक्कत
सैनिक कुंज में लगभग दस हजार की आबादी है। सुबह से ही बिजली की आपूर्ति बाधित होने से लोगों को टीवी पर लोकसभा चुनाव का परिणाम देखने में दिक्कत हुई। लोग बार-बार अपने जानने वालों से फोन कर गोरखपुर समेत आसपास की सीटों का हाल जानते रहे।