गोरखपुर। मतदान के लिए दूसरे शहरों से घर आए लोग सोमवार से गंतव्य की ओर रवाना होने लगे। इससे ट्रेन और बसों में एकाएक भीड़ बढ़ गई। सबसे ज्यादा परेशानी दिल्ली और मुंबई जाने वाले यात्रियों के सामने पेश आई। आलम यह रहा कि गोरखधाम एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस, एलटीटी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में यात्रियों को खड़े होकर सफर करने में भी जद्दोजहद करनी पड़ी। गोरखधाम एक्सप्रेस के महिला कोच में भीड़ ज्यादा होने से कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। जनरल कोचों में ट्रेन छूटने तक लोग जगह बनाने की कोशिश करते रहे। पत्नी, बच्चे के साथ आए कई लोग ट्रेन में चढ़ ही नहीं पाए।
सोमवार को प्लेटफार्म दो पर दोपहर में एकाएक भीड़ बढ़नी शुरू हो गई। गोरखधाम एक्सप्रेस के आते ही कोच में चढ़ने के लिए लोग सामान लेकर दौड़ पड़े। उन्हें रोकने में आरपीएफ को पसीना बहाना पड़ा। बाद में लाइन में लगे लोगों को टोकन के क्रम के अनुसार चढ़ाया गया। लेकिन कुछ देर बाद लाइन टूट गई और बहुत सारे लोग जनरल कोच में चढ़ने लगे। इस बीच धक्कामुक्की भी हुई।
ट्रेनों में वेटिंग बढ़ी, कुछ में नो रूम
बर्थ के लिए किस कदर मारामारी है इसका अंदाजा गोरखधाम, वैशाली, कुशीनगर एक्सप्रेस आदि में सैकड़े में पहुंची वेटिंग लिस्ट से लगाया जा सकता है। अमरनाथ और देहरादून एक्सप्रेस में नो रूम है।
दिल्ली में नौकरी करता हूं। शादी में शरीक होने गांव आया था। 19 मई को ही ड्यूटी ज्वाइन करनी थी। लेकिन मतदान के लिए रुक गया। अब वापस लौटना है तो भीड़ ज्यादा है। प्रयास है किसी तरह एक सीट मिल जाए। -
संतोष कुमार, एकला
मैंने मतदान करने के लिए कन्फर्म टिकट रद करा दिया। आज काफी जद्दोजहद के बाद भी सीट नहीं मिली, अब सांसत झेलते हुए सफर करना होगा। लेकिन खुशी इस बात की है कि लोकतंत्र के पर्व में हिस्सेदारी निभा सका।
- दीपक निषाद, बाघागाड़ा
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।