गोरखपुर। सूरज का तल्ख तेवर घर से बाहर निकलने वालों को कुछ देर बाद ही छांव तलाशने को मजबूर कर रहा है। शनिवार को लगातार दूसरे दिन पारा 40 डिग्री के पार रहा। अगले चार-पांच दिनों राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार चार और पांच मई को बूंदाबांदी हो सकती है।
शनिवार को सूरज चढ़ने के साथ ही साथ गर्मी भी बढ़ती गई। करीब सवा तीन बजे तापमान 41 डिग्री जा पहुंचा। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
मतदान के दिन भी परेशान करेगी गर्मी
19 मई को गोरखपुर में मतदान के दिन भी लोगों को गर्मी से मुकाबला करना होगा। अधिकतम तापमान 41 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। आकाश साफ रहेगा, 15 से 20 किलोमीटर की रफ्तार से पछुवा हवा चलेगी। शुष्क हवा गर्मी से होने वाली परेशानी में इजाफा करेगी।