पडरौना। रामनवमी के अवसर पर पडरौना नगर के गुदरी बाजार स्थित प्राचीन बुढ़िया माई मंदिर से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। आगे-आगे हाथी-घोड़े, ढोल-नगाड़े और ध्वज लिए बुढ़िया माई मंदिर सेवा समिति के सदस्य चल रहे थे और उनके पीछे बुढ़िया माई का डोल निकाला गया।
नगरपालिका अध्यक्ष विनय कुमार जायसवाल, आयोजन समिति के अध्यक्ष शिवजी जायसवाल, धर्म केसरी, सुनील मोदनवाल, धीरज मोदनवाल, कृष्णा जायसवाल, विनोद सिंह, हृदयनाथ, शिवनाथ, सुरेश मद्घेशिया, प्रेम जायसवाल, चौकी इंचार्ज सुरेंद्र बहादुर सिंह के साथ काफी संख्या में श्रद्धालु बुढ़िया माई के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।
बुढ़िया माई की नई मूर्ति हर तीन साल पर स्थापित होती है। इस साल भी नगर के बेलवा चुंगी स्थित सायरी माई स्थान से शोभा यात्रा निकाली गई। काली मंदिर के पास पूजन हुआ। उसके बाद फिर शोभा यात्रा अहिर टोली, कन्हैया टाकीज रोड होते हुए मेन बाजार, गुदरी बाजार के रास्ते बुढ़िया माई मंदिर पहुंची। महिला श्रद्धालु जगह-जगह छांक लेकर माता को चढ़ा रही थीं। शोभा यात्रा के रास्ते को पानी से धोया गया था। शोभा यात्रा के दौरान नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया था। इस शोभा यात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल थे।
ग्रामीण क्षेत्र के देवी मंदिरों में भी लगा रहा मेला
प्रतिनिधियों के अनुसार क्षेत्र के प्राचीन खह्नवार मंदिर और बुढ़िया माई मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। यहां श्रद्धालुओं ने चुनरी, नारियल के अलावा खप्पर और कड़ाही आदि चढ़ाकर पूजा-अर्चना की।
रामकोला के धर्मसमधा मंदिर, अनुसूइया मंदिर, मथौली बाजार के चेड़ा देवी मंदिर, सिरसिया के सिंहासनी माता मंदिर, कप्तानगंज क्षेत्र के दुबौली माता मंदिर, पिजावा स्थान, मैनपुर देवी मंदिर, कुलकुला देवी मंदिर सहित सभी देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और मेले का लुत्फ उठाया।