सिद्धार्थनगर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के निरंतर पुनरीक्षण के अंतर्गत 23 व 24 फरवरी को बूथों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित होगा। इन तिथियों में बीएलओ बूथों पर मौजूद रहकर वंचित मतदाताओं के नाम बढ़वाने के लिए फार्म भरवाएंगे। इस कार्य में लापरवाही मिलने पर दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल सिल्कू ने बताया कि छूटे हुए मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में शामिल करने के लिए निर्वाचन आयोग ने 23 व 24 फरवरी को विशेष अभियान दिवस आयोजित करने का निर्णय लिया है। अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली के साथ बूथ लेेवल अधिकारी संबंधित पोलिंग स्टेशन पर उपस्थिति रहेंगे। इन दिनों में मतदाता सूची का अवलोकन कर अपने नाम के जुड़ने अथवा न होने की जानकारी ले सकता है। दिवसों में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा नामित बीएलओ उपस्थित रहने के लिए सहायक जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। यदि किन्हीं कारणों से नाम नहीं है तो फार्म-6 भरवाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिस मतदाता फोटो पहचान पत्र है और सूची में नाम नहीं है तो मताधिकार की गारंटी नहीं होगी। विशेष अभियान दिवसों में गैरहाजिर रहने वाले बीएलओ के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।