गोरखपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में नकल कराने वालों पर सख्ती होगी। जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पांडियन ने कहा है कि नकल वाले केंद्र के व्यवस्थापक या फिर प्रबंधक के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई होगी। परीक्षाएं जिले में 212 केंद्रों पर कराई जाएंगी। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं सात फरवरी से शुरू होंगी। इसमें एक लाख 51 हजार 689 विद्यार्थी शामिल होंगे।
इसी सिलसिले में जिलाधिकारी, एसएसपी डॉ. सुनील गुप्ता और जिला विद्यालय निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया की अगुवाई में मंगलवार को एमजी इंटर कॉलेज में बैठक हुई। सभी एसडीएम, एसपी और सीओ की मौजूदगी वाली बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षाएं नकल विहीन होंगी। इसमें किसी तरह की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं होगी। हर केंद्र पर सीसीटीवी कैमरा और वायस रिकार्डर लगा है। कक्ष निरीक्षक भी मोबाइल के साथ परीक्षा कक्ष में नहीं जा सकेंगे। पाठ्यसामग्री या सादा कागज ले जाने पर भी रोक है। दृष्टि बाधित विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय दिया जाएगा। एसएसपी ने कहा कि परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में आने की इजाजत किसी को नहीं रहेगी। यह व्यवस्था पुलिस को सुनिश्चित करनी है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि नौ विद्यालय अति संवेदनशील की श्रेणी में रखे गए हैं। इन केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती रहेगी।
39 विषयों के एक ही पेपर की परीक्षा
इंटरमीडिएट की परीक्षा में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि हिंदी, सामान्य हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृति, इतिहास, भूगोल और उर्दू सहित 39 विषयों के एक पेपर की परीक्षा कराई जाएगी। 2018 की परीक्षा के दौरान इन विषयों के दो-दो पेपर कराए गए थे। इस बदलाव से बड़ी राहत मिली है। अब समय से परीक्षा कराके रिजल्ट दिया जा सकेगा।
कॉपी नहीं बदली जा सकेगी
अब कॉपी बदलकर नकल नहीं कराई जा सकेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि इस बार हर कॉपी की नंबरिंग की गई है। किस नंबर की कॉपी केंद्र पर गई है, इसका रिकार्ड उपलब्ध रहेगा। परीक्षा खत्म होने के बाद अनुपस्थित विद्यार्थियों की सूचना अनिवार्य रूप से देनी है। जो कॉपी बचेगी, उसका इस्तेमाल अगले दिन किया जा सकेगा। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक से अनुमति लेनी पड़ेगी।
बंद गाड़ी में जाएंगी कॉपियां
रिक्शा, साइकिल या फिर मोटरसाइकिल से कॉपी, पेपर ले जाने पर रोक लगा दी गई है। जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पांडियन ने कहा कि इस बार बंद गाड़ियों से ही कॉपी, पेपर भेजे जाएंगे। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी