गोरखपुर। महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के संस्थापक सप्ताह समारोह में सोमवार को 730 मेधावियों को सम्मानित किया जाएगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद नौ विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे। राष्ट्रपति डीवीएन पीजी कॉलेज के शिक्षक डॉ. नीरज सिंह और एमपी पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रदीप राव को भी सम्मानित करेंगे।
परिषद के 86वें संस्थापक सप्ताह का समापन और सम्मान समारोह सोमवार को गोरखनाथ मंदिर के दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में होगा। इसका रिहर्सल रविवार को किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में मेधावियों को मंच पर बुलाया गया। परिषद के अध्यक्ष प्रो. यूपी सिंह, डीवीएन पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शैलेेंद्र प्रताप सिंह और एमपी पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रदीप राव से कार्यक्रम के हिसाब से मंच का संचालन कराया गया।
प्राचार्य डॉ. प्रदीप राव ने बताया कि सोमवार को दो चरणों में कार्यक्रम होगा। पहले चरण में राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री रहेंगे। दूसरे सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेधावियों को सम्मानित करेंगे। राष्ट्रपति को एयरपोर्ट छोड़ने के बाद मुख्यमंत्री फिर गोरखनाथ मंदिर आ जाएंगे। सोमवार को वह मंदिर में रात्रि विश्राम भी कर सकते हैं। जिन मेधावियों को सम्मानित किया जाना है, उसमें परिषद के साथ ही सरस्वती शिशु मंदिर, विद्या मंदिर सहित अन्य शैक्षिक संस्थानों के विद्यार्थी शामिल हैं।