फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जमीन विवाद में मारपीट, घायल युवक की मौत

Tue, 04 Dec 2018 11:36 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
मौत पर विलाप करते परिजन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कोटवा बाजार। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के लक्ष्मीपुर कुर्मीपट्टी में सोमवार की शाम दो भाइयों के घर वाले आपस में भिड़ गए। मारपीट में घायल बड़े भाई की मौत हो गई। घटना से अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

गांव के लोगों ने बताया कि लक्ष्मीपुर कुर्मीपट्टी निवासी दुक्खी पुत्र चोकट ने अपने बड़े पुत्र रामकेवल की पत्नी के नाम से कुछ दिन पूर्व थोड़ी जमीन बैनामा कर दी थी। दुक्खी के दूसरे पुत्र विनोद और तीसरे नंबर के पुत्र स्वर्गीय रवींद्र की पत्नी व पुत्री भी अपने नाम से जमीन बैनामा करने की मांग कर रहे थे। इसको लेकर कहासुनी से शुरू हुआ विवाद मारपीट में तब्दील हो गया।

 

इसमें रामकेवल (45) बुरी तरह घायल हो गए। परिजन उन्हें मेडिकल कालेज ले गए। स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक निर्भय नारायन सिंह ने बताया कि इस मामले में तीन महिलाओं समेत चार लोगों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

 

हादसे में घायल बालिका की मौत

विज्ञापन

कुबेरस्थान। 15 दिन पूर्व हादसे में घायल बालिका की मंगलवार को गोरखपुर से उपचार करा कर घर लौटने के बाद मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्र के लंगड़ी बाजार निवासी कृष्णा सैनी की छह वर्षीय पुत्री पुष्पा 18 नवंबर को घर के सामने से ही बोलेरो की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई थी।

 

उसका इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। रविवार को घायल बच्ची के परिजन उसका इलाज कराकर घर लौटे, लेकिन उसकी हालत में कुछ खास सुधार नही दिख रहा था। मंगलवार को बालिका की मौत हो गई। एसओ कुबेरस्थान अरुण कुमार मौर्य ने बताया कि बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें