हादसे के बाद दोनों परिवार में कोहराम मच गया।
- फोटो : amar ujala
चिलुआताल/कैंपियरगंज। (गोरखपुर)। चिलुआताल के भौरामल, कोठा गांव में बृहस्पतिवार की रात दीये से झोपड़ी में आग लग गई। इस दौरान अंदर सो रहे दो बच्चे तो सुरक्षित निकल गए, लेकिन 10 साल के बालक दिलखुश की जलने से मौत हो गई। कैंपियरगंज इलाके में भी एक बच्चे की जान चली गई।
सहजनवां के भगौरा गांव निवासी रामरतन के बेटा दिलखुश दिवाली में नाना रामअवतार के घर आया था। बृहस्पतिवार की रात वह खाना खाने के बाद घर के दो अन्य बच्चों के साथ सामने झोपड़ी में सोने चला गया। उजाले के लिए झोपड़ी में एक दीया जलाया गया था। रात करीब 12 बजे अचानक दीये से झोपड़ी में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी झोपड़ी को आगोश में ले लिया। इसी दौरान दो बच्चों की नींद खुल गई और वह किसी तरह से बाहर आ गए।
उन्होंने शोर बचाया तो घर के लोग बाहर आ गए। उन्होंने आग बुझाना शुरू किया, लेकिन तब तक अंदर फंसे दिलखुश की जलने से मौत हो चुकी थी। खबर पाते ही दिलखुश के माता-पिता गांव पहुंच गए। दोनों ही घरों में दिवाली के दिन ही मातम छा गया।
दूसरी ओर कैंपियरगंज के रामनगर केवटलिया में दिवाली में झालर लगाने के दौरान शार्ट सर्किट से झोपड़ी में आग लग गई। इस हादसे में शिवम के पुत्र अर्जुन चौधरी (7) की जलने से मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसने पर उसे घर वाले लेकर मेडिकल कॉलेज गए, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।