85 मस्जिदों, 268 ईदगाहों में पढ़ी जाएगी नमाज
सर्किल वार 17 अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी, पुलिस व पीएसी रहेगी तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। बकरीद 22 अगस्त को पड़ने संभावना है। जिले के 85 मस्जिदों एवं 286 ईदगाहों पर बकरीद की नमाज पढ़ी जाएगी। नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सर्किलवार 17 अधिकारियों की तैनाती की गई है। सभी अधिकारियों की नजर ईदगाहों पर पर रहेगी। इनके अलावा सीओ एवं संबंधित थानों की पुलिस के साथ पीएसी भी जरूरत के अनुसार तैनात रहेगी। उधर, बकरीद के मद्देनजर मस्जिदों एवं ईदगाहों पर सफाई के साथ ही अन्य जरूरी व्यवस्था भी की जा रही है। प्रशासन व पुलिस की ओर से तैयारी तेज कर दी गई है।
सदर सर्किल में एआर कोआपरेटिव एसएन मिश्रा, बीएसए जगदीश शुक्ल, डीडीओ जगदीश त्रिपाठी, डीडीएजी गणेश दूबे, निचलौल सर्किल में उपायुक्त श्रम रोजगार उपेंद्र पाल, डीसी एनआरएलएम रविंद्र वीर, जिला गन्ना अधिकारी प्रदीप कुमार, डीआईओएम अशोक कुमार सिंह, सहायक अभियंता अखिलेश कुमार तिवारी तथा नौतनवां सर्किल में जिला खाद्य विपणन अधिकारी अखिलेश कुमार सिंह, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी रोशन लाल, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रभात कुमार, डीपीओ ब्रजेंद्र जायसवाल को तैनात किया गया है। इसी तरह फरेंदा सर्किल में सहायक महानिरीक्षक निबंधन बाल्मीकि त्रिपाठी, पीडी राजकरन पाल, डीएसओ गौरी शंकर शुक्ल, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रत्नेश सिंह की ड्यूटी लगाई लगाई है। यह सभी अधिकारी बकरीद की नमाज के दौरान संबंधित क्षेत्र में निगरानी करेंगे। इसके अलावा जिला स्तर पर कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। यहां तीन अधिकारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। बकरीद की नमाज जिले के 85 मस्जिदों एवं 286 ईदगाहों पर पढ़ी जाएगी। जिसमें करीब एक लाख 95 हजार शामिल हो सकते हैं।
डीएम अमरनाथ उपाध्याय ने बताया कि सर्किलवार सभी अधिकारियों को जरूरी दिशानिर्देश दिए गए हैं। नमाज पढ़ने के दौरान कहीं कोई नारेबाजी आदि न कर पाये, इस पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। एएसपी आशुतोष शुक्ल ने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डेढ़ प्लाटून पीएसी और आठ थाना क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी क्षेत्राधिकारी अपने अपने सर्किल में पेट्रोलिंग करने के दौरान सूचना से अपडेट करते रहेंगे।