छेड़खानी के विवाद में दो गांवों के लोग भिड़े, फायरिंग
घटना में छह लोग हुए घायल, दोनों गांवों में तनाव कायम
एक पक्ष के 12 नामजद और 50-60 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
धनघटा। छेड़खानी के विवाद में महुली क्षेत्र के दो गांवों के लोग बुधवार की रात भिड़ गए। इस दौरान ईट-पत्थर और लाठी-डंडे चले। फायरिंग भी की गई। घटना में छह लोग घायल हो गए। इससे दोनों गांवों में तनाव है। रात में ही एएसपी और सीओ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने 12 नामजद और 50-60 अज्ञात के खिलाफ बलवा, मारपीट, हत्या के प्रयास, छेड़खानी और लूट आदि गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
पीड़ित महिला का आरोप है कि बुधवार रात वह सहेली के साथ गांव के पश्चिमी सीवान में नित्य क्रिया के लिए गई थी। सीवान में दूसरे गांव के दीपू यादव और अजय ने महिलाओं के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। महिलाओं ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो दोनों युवक कान का झाला और मंगल सूत्र छीन कर भागने लगे। शोर सुनकर पहुंचे महिला के गांव के लोगों ने दोनों युवकों का पीछा किया, लेकिन वे भागने में सफल हो गए। कुछ समय बाद उसी गांव के कपिल यादव, विनोद यादव मास्टर, भोला यादव, सर्वेश यादव, विनोद यादव, बग्गड़ यादव, धर्मजीत यादव, सोनू यादव, रामभवन यादव, अखिलेश यादव व 50-60 अज्ञात लोग लाठी-डंडा, भाला आदि लेकर उसके गांव पर धावा बोल दिया। आरोप है कि विपक्षी दीपू आदि ने अपने भाई चंद्रजीत यादव की लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में गांव के सदानंद, प्रद्युम्न और गोविंद को छर्रे लगे हैं। आरोपियों ने सुनील, राजू और सूरज को मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में 12 नामजद और 60 अज्ञात के खिलाफ बलवा, मारपीट, गाली गलौज, छेड़खानी, हत्या का प्रयास, लूट और षड्यंत्र का केस दर्ज किया।
घटना को लेकर दोनों गांव में तनाव कायम हो गया है। पुलिस के भय से पुरुष फरार हो गए हैं। रात में ही एएसपी असित श्रीवास्तव और सीओ अशोक कुमार मिश्र ने घटना स्थल पर पहुंच कर जायजा लिया। प्रभारी एसओ रणविजय सिंह ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी भी कर ली जाएगी।