गोरखपुर। स्थानीय बारिश से दो दिन राहत के बाद पिछले तीन दिन से गर्मी ने शहरवासियों को बेहाल कर रखा है। जहां रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस था वहीं सोमवार को यह 41 पर पहुंच गया। तापमान का यह अंतर ज्यादा नहीं रहा लेकिन रविवार की तुलना में ऊष्मांक ज्यादा होने से लोगों को गर्मी का अहसास ज्यादा हुआ। मौसम विज्ञानी अगले दो और दिन तक इस गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं जता रहे हैं।
सोमवार को सुबह से ही सूरज के तेवर तल्ख रहे। दोपहर बाद हवा का रुख पछुआ होने से पूरे दिन लू चली। देर शाम तक लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक हीट इंडेक्स (ऊष्मांक) 40 से 48 डिग्री के बीच रहा। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि लखनऊ में शाम को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई है, लेकिन इसका शहर में गर्मी पर कुछ खास असर पड़ने वाला नहीं है। मंगलवार को गर्मी और बढ़ सकती है। सुबह पुरवा तो दोपहर बाद हवा का रुख पछुआ होने से शाम तक लू की स्थिति बनी रहेगी। बंगाल की खाड़ी से उठा मानसून मिदनापुर के पास सिलीगुड़ी में ठहर गया है। इसके बिहार पहुंचने में ही पांच से छह दिन लग सकते हैं।