लाल, हरा, पीला, गुलाबी आदि रंग एक-दूसरे से मिले और सतरंगी छटा के बीच शहर शुक्रवार को होली के जश्न में डूब गया। सुबह से लेकर शाम तक शहर के हर इलाके में लोग होली की मस्ती में डूबे रहे। रंग और गुलाल लगाने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को होली की बधाई दी।
वैसे तो मुख्य कार्यक्रम नृसिंह भगवान की शोभायात्रा थी, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए, लेकिन शहर के करीब-करीब सभी इलाकों में होली का जश्न दिखा। सुबह से ही गली, मोहल्लों में बच्चे एक-दूसरे को रंगों से सराबोर करते नजर आए। हालांकि इस दौरान अधिकांश बच्चे कृत्रिम रंगों का ही इस्तेमाल करते नजर आए। वहीं कुछ जगहों पर तो लोगों ने गड्ढे खोदकर तालाब बनाया और उसमें रंग घोल दिया। इसके बाद फिर उसी में एक-दूसरे को डूबोकर रंगते नजर आए।
वहीं बाइक पर सवार जत्थों में निकले युवाओं ने सड़क पर खूब मस्ती की। दोपहर बाद लोग गुलाल लेकर निकल पड़े और परिचितों के घर पहुंचकर होली की शुभकामनाएं दी। बड़ों को तिलक लगाने के बाद आशीर्वाद लिया। देर शाम तक गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं देने का दौर जारी रहा। चाइल्ड लाइन की तरफ से पादरी बाजार स्थित आश्रय गृह में होली महोत्सव धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान बच्चों में मिठाइयां भी बांटी गईं।
डीजे की धुन पर थिरके युवा
युवाओं ने होली के जश्न का खूब लुत्फ उठाया। कहीं गीत-संगीत की खुमार तो कहीं डीजे की धुन पर थिरकते युवा। हालांकि यह सिलसिला रंग खेलने के दौरान ही रहा। दोपहर बाद यह माहौल बदल गया और फिर समाज का हर वर्ग गुलाल लगाकर एक दूसरे को बधाई देते नजर आए।
होली के दिन भी होती रही रंग गुलाल की खरीदारी
होली के दिन भी शहर के करीब करीब सभी इलाकों में दोपहर तक रंग, अबीर और पिचकारी की दुकानें खुली रहीं। इन दुकानों पर अच्छे खासे ग्राहक नजर आए। दोपहर बाद फिर बाजार में सन्नाटा छाने लगा।
दोपहर तक बाजार में छाया रहा सन्नाटा
होली के एक दिन बाद शनिवार को शहर के हर इलाकों में दोपहर बाद तक सन्नाटा छाया रहा। अधिकांश दुकानों के शटर गिरे रहे। वहीं सड़क पर भी लोगों की बहुत कम ही आवाजाही रही। शाम होते होते फिर से बाजार में रौनक छा गई।
पुलिस लाइंस में भी उड़ाए अबीर-गुलाल
पुलिस लाइंस परिसर में शनिवार को जमकर अबीर गुलाल उड़ाए गए। इस रौरान एडीजी दावा शेरपा भी पहुंचे और सभी को होली की बधाई दी। भोजपुरी गायक राकेश श्रीवास्तव ने होली गीत प्रस्तुत किया। होली के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था के चलते पुलिसकर्मियों की व्यस्तता ज्यादा रहती है। इस लिए पुलिसकर्मी अगले दिन होली का जश्न मनाते हैं। शनिवार की दोपहर तीन बजे पुलिस लाइंस में होली पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। एडीजी दावा शेरपा के अलावा आईजी नीलाब्जा चौधरी, मंडलायुक्त अनिल कुमार, डीएम राजीव रौतेला, एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, पुलिस अधीक्षक उत्तरी गणेश साहा, एडीएम प्रशासन प्रभुनाथ, पुलिस अधीक्षक नगर विनय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात आदित्य प्रकाश वर्मा, पुलिस अधीक्षक क्राइम आलोक वर्मा, सीओ गोरखनाथ प्रवीण कुमार सिंह, सीओ आशुतोष कुमार के साथ ही सभी थानेदार और चौकी इंचार्ज, सिपाही मौजूद रहे। डीएम और एसएसपी ने सकुशल होली समाप्त होने पर सभी के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन चौकी इंचार्ज धर्मशाला प्रमोद सिंह ने किया।