अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के सचिव राणा गोस्वामी ने कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कहा कि अपने को देश का चौकीदार बताने वाले प्रधानमंत्री मोदी की बात फिर झूठ साबित हुई है। करोड़ों रुपये में पीएम का कोट खरीदने वाला 13 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम लेकर फरार हो गया।
सोमवार को चारु चंदपुरी कॉलोनी में आयोजित बैठक में शहर और ग्रामीण विधानसभा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की बैठक में राणा गोस्वामी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री ने जो भी बात कही थी वह झूठ साबित हुई है। नोटबंदी करके पीएम ने मजदूरों को मजबूर बना दिया। ऐसे में इस चुनाव में गोरखपुर की जनता भाजपा को हराकर आइना दिखाएगी।
पार्टी प्रत्याशी डॉ. सुरहीता करीम ने कहा कि राज्य सरकार भी केंद्र की तर्ज पर चल रही है। जनता दरबार में आने वाले फरियादियों के आवेदनों को कूड़ेदान में फेंक दिया जाता है। दोनों सरकार से जनता का भरोसा उठ चुका है। इस दौरान जिलाध्यक्ष डॉ. सैयद जमाल, महानगर अध्यक्ष अरुण अग्रहरि, पूर्व विधायक लालचंद निषाद, राम सिंह, अष्टभुजा त्रिपाठी, डॉ. प्रदीप पांडेय, राणा राहुल सिंह, दिलीप कुमार निषाद, अनवर हुसैन आदि मौजूद रहे।
इसके बाद राणा गोस्वामी और सुरहीता करीम ने सहजनवां में भी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में प्रदेश महामंत्री हनुमान त्रिपाठी, धर्मराज चौहान, पूर्व सांसद गब्बूलाल प्रजापति, भूपेंद्र शुक्ल मौजूद रहे।