शास्त्री चौक के सुंदरीकरण के तहत नगर निगम ने कुछ दुकानों के आगे दीवार खड़ी करने की योजना तैयार की है। इसकी जद में आने वाले दुकानदारों ने शनिवार को शास्त्री चौक पर प्रदर्शन किया । नगर आयुक्त और कमिश्नर को ज्ञापन देकर इस योजना में बदलाव की मांग की है।
नगर निगम ने शास्त्री चौक को सुंदर बनाने का काम शुरू कर दिया है। इसके तहत शहीद स्मारक से लाल बहादुर शास्त्री चौराहे के बीच डिवाइडर और थ्री डी जेब्रा क्रासिंग बनाई जाएगी। इसके साथ ही डीएम कार्यालय परिसर की दीवार पर वॉल फाउंटेन भी बनाने की तैयारी है। वहां के दुकानदरों का कहना है कि इसके लिए नगर निगम ने चौराहे के पास की आठ दुकानों के आगे पांच फीट चौड़ा फुटपाथ और उसके बाद चार से पांच फीट ऊंची दीवार बनाने की योजना बनाई है। योगेंद्र प्रसाद गुप्ता, विजय जायसवाल, शोएब आलम समेत अन्य दुकानदारों ने निगम की इस योजना का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया।
दुकानदारों ने कहा कि ऐसा होने से उनकी पूरी दुकानदारी खत्म हो जाएगी और जीवनयापन मुश्किल हो जाएगा। ऐसे में निगम को अपनी इस योजना में बदलाव करना चाहिए। नाली तक ही फुटपाथ बनाई जाए। विरोध प्रदर्शन में हरेंद्र यादव, सतेंद्र रंजन पांडेय, रामकिशुन, विनोद सिंह, अरविंद सिंह, धरम सिंह, गोरख जायसवाल, भगवती जायसवाल, अनिल शुक्ला, रामाधारी जायसवाल, राजेंद्र जायसवाल आदि मौजूद थे।