जीडीए ने बकाएदारों के घरों पर मुनादी कराई।
- फोटो : Amar Ujala
बार-बार की चेतावनी के बाद भी बकाया न जमा क रने वालों के घर गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शनिवार को मुनादी कराई। नोटिस नहीं स्वीकार करने वालों के घर नोटिस चस्पा की गई और सभी को चेतावनी दी गई कि बकाया नहीं जमा करने वालों के प्लाट, घर के आवंटन निरस्त कर दिए जाएंगे।
जमीन, मकान पर कब्जा पाने के बाद भी तमाम आवंटी कई वर्षों से किस्त नहीं जमा कर रहे हैं। जीडीए अफसरों के मुताबिक विभिन्न कॉलोनियों के दो हजार से अधिक बकायेदारों पर प्राधिकरण का करीब सौ करोड़ रुपये का कर्ज है। इसकी वसूली के लिए कई बार संबंधित आवंटियों को नोटिस भेजी गई। मगर कई ने नोटिस स्वीकार ही नहीं की जबकि कुछ ने नोटिस के बाद भी किस्त नहीं जमा की।
जीडीए उपाध्यक्ष वैभव श्रीवास्तव की सख्ती के बाद प्राधिकरण की टीम ने शनिवार को ललितापुरम, ललितापुरम विस्तार और शास्त्री नगर आदि कॉलोनियों के बकायेदारों के घर दस्तक दी। इन कॉलोनियों के सभी बड़े बकायेदारों के घर मुनादी कराई और बाकी बकायेदारों के घर नोटिस चस्पा करते हुए उन्हें जल्द बकाया जमा करने की चेतावनी दी। इस दौरान जीडीए के संपत्ति अधिकारी इंद्रजीत सिंह, सत्येंद्र सिंह समेत कई अफसर मौजूद रहे।