मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 12 जनवरी को गोरखपुर आएंगे। वह 15 जनवरी तक शहर में रह सकते हैं। मुख्यमंत्री गोरखपुर महोत्सव और गोरखनाथ मंदिर के खिचड़ी मेले के अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। मंदिर में ही प्रशासन, पुलिस, जीडीए और नगर निगम समेत कई विभागों के अफसरों के साथ बैठक कर खिचड़ी मेले की तैयारी जांचेंगे।
गोरखपुर महोत्सव में 12 जनवरी की शाम उत्तर मध्य सांस्कृतिक केंद्र द्वारा लोक कलाओं के लोक नृत्य और स्थानीय कलाकारों से सजे ‘सबरंग’ के साथ ही सोन-चिरैया संस्थान और पद्मश्री मालिनी अवस्थी द्वारा अवधि लोक गायन, भोजपुरी अभिनेता रवि किशन के कार्यक्रम होने हैं। इसी तरह 13 जनवरी को महोत्सव के समापन पर आयोजित कार्यक्रमों में भी मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। महोत्सव की शुरुआत 11 जनवरी से होगी। इसका उद्घाटन राज्यपाल राम नाइक करेंगे।
मुख्यमंत्री मकर संक्रांति पर 15 जनवरी की भोर में गुरु गोरक्षनाथ को खिचड़ी चढ़ाने के साथ ही उनकी पूजा अर्चना करेंगे। 16 जनवरी की सुबह उनके यहां से लखनऊ जाने की उम्मीद है। उनके आगमन को लेकर अभी अधिकृत कार्यक्रम नहीं आया है मगर प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।