चित्रगुप्त की प्रतिमा विसर्जन के लिए लेकर जाते श्रद्धालु।
- फोटो : Amar Ujala
गोरखपुर। शहर में स्थापित की गई भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमाओं का विसर्जन रविवार को हर्षोल्लास के साथ हुआ। इससे पहले सभी प्रतिमाएं शाम को बक्शीपुर स्थित चित्रगुप्त मंदिर के सामने इकट्ठा हुईं। यहां चित्रगुप्त मंदिर सभा के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों ने मूर्तियों का पूजन-अर्चन किया। इसके बाद हर्षोल्लास के साथ विसर्जन जुलूस रवाना हुआ।
शोभायात्रा में चित्रांश समिति मुफ्तीपुर की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रही। चित्रांश समिति मुफ्तीपुर ने कई झांकियां सजा रखी थीं। इसके साथ ही समिति के सदस्य शोभायात्रा के साथ जोरदार आतिशबाजी करते चल रहे थे। चित्रांश समिति सुभाषनगर की झांकियां भी लोगों को खूब पसंद आईं। रेलवे समिति की प्रतिमा के साथ भी सदस्य नाचते-गाते विसर्जन जुलूस में चल रहे थे। जगह-जगह चित्रांशों ने जुलूस को रोककर भगवान चित्रगुप्त की पूजा अर्चना की।
कई जगहों पर पुष्पवर्षा करके जुलूस का स्वागत किया गया। चित्रगुप्त मंदिर सभा के अध्यक्ष अनूप कुमार, मंत्री अखिलेंदु श्रीवास्तव, मीडिया प्रभारी संजय वर्मा, उपाध्यक्ष राकेश कुमार, उमा श्रीवास्तव, रोहिणी श्रीवास्तव, सुशील श्रीवास्तव, उमेश श्रीवास्तव, मनोज, जीतेंद्र, विजय, जीतेंद्र आदि की मौजूदगी में राजघाट पर प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।