महराजगंज। शनिवार को बीएसए जगदीश शुक्ला की अध्यक्षता में स्थानीय नगर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय प्रथम में आदर्श विद्यालय के चयन के लिए बैठक हुई। शैक्षिक और भौतिक वातावरण को देखने के बाद आई रिपोर्ट के आधार पर प्रत्येक ब्लॉक से पांच-पांच विद्यालयों को आदर्श विद्यालय के रूप में चयनित किया गया। सदर विकास खंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय प्रथम, पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिसवां अमहवां, प्रा. वि. पिपरा रसूलपुर, प्रा.वि केवलापुर सहित जिले में 60 विद्यालयों के नाम की घोषणा आदर्श विद्यालय के रूप में की गई।
बीएसए जगदीश शुक्ला ने उपस्थित प्रधानाध्यापकों से उनके विद्यालयों की समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित ब्लॉक के बीईओं को समस्याओं के निस्तारण का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जिले में प्रत्येक ब्लॉक से पांच - पांच विद्यालयों को आदर्श विद्यालय के रूप में चयनित किया गया है। सभी अध्यापक आज से ही यह प्रयास करें कि अगली बार अपने विद्यालय में शैक्षिक और भौतिक वातावरण को ठीक कर आदर्श रूप में प्रस्तुत कर सकें। इससे न केवल जिले में शिक्षा व्यवस्था में सुधार होगा वरन छात्रों में उत्साह बढ़ेगा। उन्होंने बीईओ से कहा कि अभिभावकों से मिलकर बच्चों के सर्वांगीण विकास के बारे में भी चर्चा करते रहें। स्कूल शिक्षा के अलावा खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण व स्वच्छता के बारे में प्रतियोगिता का आयोजन भी करते रहें। इससे इन विषयों के प्रति बच्चों में रुचि बढ़ेगी।
बैठक में बीईओ सदर राजेश कुमार, संतोष शुक्ला नौतनवां, श्याम सुन्दर पटेल परतावल, हेमवंत कुमार फरेंदा, छनमन प्रसाद गौड़ घुघली निचलौल, तारकेश्वर पांडेय लक्ष्मीपुर, प्रधानाध्यापक बैजनाथ सिंह, अनीता पांडेय, किरन त्रिपाठी, सुनील शाही, बरेश कुमार, बैजनाथ प्रजापति, रिजवानुल्लाह खान, नागेंद्र चौरसिया, मो जावेद खां, वीरेंद्र यादव, सुदामा चौहान, धन्नू चौहान के अलावा तमाम अध्यापक मौजूद रहे।