गोरखपुर। सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार को जहां शहर के कई प्रमुख इलाकों में गाड़ियों की चेकिंग कर चालान किया, वहीं एमजी इंटर कॉलेज में कार्यशाला आयोजित कर छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए दुर्घटनाओं के प्रति सचेत किया।
सीओ ट्रैफिक प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि ज्यादातर हादसे हेलमेट न पहनने और सीट बेल्ट न लगाने से होते हैं। उन्होंने खुद के साथ घर में भी लोगों को भी इसके प्रति सचेत होने के लिए विद्यार्थियों को जागरूक करें। कहा कि जब भी सड़क पर निकलें तो जेब्रा लाइन क्रॉस न करें। ट्रैफिक सिग्नल देखकर ही गाड़ी चलाएं। अगर सभी लोग ट्रैफिक नियमों का पालन करने लगें तो दुर्घटनाएं कम हो जाएंगी। कॉलेज प्रबंधन से सीओ ने कहा कि बाइक लेकर आने वाले छात्रों का हेलमेट जरूर चेक करें। इस दौरान टीएसआई नवीन कुमार ने भी छात्रों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। प्रधानाचार्य ओपी सिंह ने सभी विद्यार्थियों से हेलमेट लगाकर बाइक चलाने का निर्देश दिया।
पैडलेगंज में हैंडबिल बांटा
ट्रैफिक पुलिस ने पैड़लेगंज तिराहे पर लोगों से संपर्क कर हैंडबिल बांटा और यातायात नियमों का पालन करने का अनुरोध किया। यातायात नियमों के संकेत चिह्न वाले हैंडबिल देकर ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को जागरूक किया। साथ ही गोलघर, टाउनहाल, पैड़लेगंज सहित पांच स्थानों पर फ्लैक्सी बोर्ड भी लगाए, जिसमें यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी गई है।
लाउडस्पीकर से प्रचार-प्रसार
टैंपो में लाउडस्पीकर लगाकर शहर के चौराहों और तिराहे पर यातायात नियमों की जानकारी दी गई और लोगों को बाइक या कार चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों और खतरों से आगाह किया।
1036 गाड़ियों का चालान
गोरखपुर। अभियान के तहत जिले में कुल 1036 गाड़ियों का चालान किया गया और 1,32,000 रुपये जुर्माना वसूला गया। ट्रैफिक पुलिस ने शहर में 554 गाड़ियों का चालान कर 81500 रुपये जुर्माना वसूला। इनमें ज्यादातर कार में सीट बेल्ट न लगाने वाले और बगैर हेलमेट के बाइक चलाने वाले शामिल थे। वहीं सिविल पुलिस ने 482 गाड़ियों की चेकिंग कर 50,500 रुपये जुर्माना लिया।