महराजगंज। बीती रात कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर में स्थित ब्लॉक कार्यालय सिसवा के बगल में खिड़की के रास्ते घर में घुसे चोरों ने लड़की की शादी के लिए रखे जेवर और नकदी समेत सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी का शिकार सरल प्रसाद विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। उन्होंने अपनी बेटी की शादी तय की है। अगले साल जनवरी में शादी होनी है। इसके लिए पाई-पाई जोड़ रहे हैं। उन्होंने जेवर के साथ ही कुछ सामान और नकदी जुटा रखी थी। उन्होंने डेढ़ लाख रुपये मूल्य मूल्य का सामान चोरी हो जाने की बात कही है।
सरल प्रसाद ने बताया कि बीती रात को 12:30 बजे के करीब खिड़की के रास्ते चोर घर में घुस गए और 5 अदद सोने व 7 अदद चांदी के गहने, बारह हजार रुपये और कपड़े उठा ले गए। जब चोर सामान लेकर जाने लगे तो गृहस्वामी सरल प्रसाद की लड़की सुनीता की आंख खुल गई और वह शोर मचाने लगी। घर वाले बाहर निकले तो देखा कि तीन चोर दो बक्से लेकर खेत की तरफ भाग निकले। कुछ देर में आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और 100 नंबर पर सूचना दी। इसके बाद खेत में तलाश करने लगे तो कुछ दूरी पर बक्सा मिला लेकिन उसमें से सारा सामान निकाल लिया गया था। थोड़ी देर बाद 100 नंबर पुलिस की गाड़ी आई और पूछताछ कर सुबह थाने पर बुलाकर चली गई। एसओ कोठीभार रमाकर यादव ने कहा कि मामले की जानकारी है। पुलिस छानबीन कर रही है। जल्द से जल्द अपराधी पकड़ लिए जाएंगे।
दो माह में चोरी की एक दर्जन घटनाएं, खुलासा किसी का नहीं
कोठीभार। पुलिस की सुस्ती से सिसवा नगर और सीमावर्ती ग्रामसभा रायपुर ब्लॉक कार्यालय चौराहे पर चोरों के हौसले बुलंद हैं। पिछले दो महीने में एक दर्जन चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लेकिन अभी तक किसी भी घटना का पर्दाफाश पुलिस नहीं कर सकी है। 26 अप्रैल से लेकर 23 जून के बीच सिसवा कस्बे व रायपुर मिलाकर चोरों ने एक दर्जन चोरी की घटना हुई है। 26 अप्रैल को एक ही रात में पांच दुकानों के ताले टूटे। रायपुर के श्याम सुंदर कटरा में स्थित विकास रौनियार की जन सेवा केंद्र, उमेश गुप्ता और पप्पू कुमार की किराना दुकान, रब्बुल दर्जी और सिसवा में बदरुज्जमा की मोबाइल की दुकान में चोरी की घटनाएं र्हुइं। एक जून को इस्टेट गेट के सामने से सुर्ती की दुकान से नकदी की चोरी। 10 जून को सिसवा के श्रीरामजानकी मंदिर रोड स्थित राजेश रेडियोज टीवी की दुकान से तीन लाख रुपये मूल्य के टीवी, ऐसी व कई इलेक्ट्रॉनिक्स सामान चुरा ले गए थे। कस्बे के लोगों ने पुलिस की शिथिलता पर रोष प्रकट किया। लोगों का कहना है कि चोरी की घटना का खुलासा करने में पुलिस की ओर से लापरवाही की जा रही है। सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।