अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। नगर निगम के ठेकेदार शहर में घटिया निर्माण करा रहे हैं। यह हकीकत मेयर डॉ. सत्या के निरीक्षण में सामने आई है। मेयर ने विभागाध्यक्षों को पत्र लिखकर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के साथ खराब निर्माण कार्यों को फिर से कराने का निर्देश दिया है।
मंगलवार को मेयर ने वार्ड संख्या आठ के अंतर्गत एयरफ ोर्स के पास विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया। इस वार्ड में शमशेर गेट के पास नाले के निर्माण में घटिया किस्म के ईंटों का इस्तेमाल किया गया है। मानक के अनुसार मसाला न प्रयोग करने के कारण निर्माणाधीन नाले की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है।
आकाश विहार गेट के पास निकट एयरफ ोर्स कॉलोनी में हाल में ही बनी इंटरलॉकिंग सड़क टूट गई है। जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। स्थानीय लोगोें ने घटिया किस्म की इंटरलॉकिंग ईंट लगाने और बालू की जगह मिट्टी डालने की जानकारी दी। ठेकेदार द्वारा मुख्य सड़क के किनारे से दो से तीन फीट मिट्टी निकालने से साइड पटरी काफी नीचे हो गई है, जिससे सड़क किनारे पानी जमा हो जा रहा है। इससे साइड पटरी भी बेकार हो गई है। मेयर ने कहा कि इन कार्यों को देखने से ऐसा प्रतीत हुआ कि संबंधित अवर अभियंता, सहायक अभियंता द्वारा बिना कार्य को देखे ही भुगतान की संस्तुति की गई है। निरीक्षण के दौरान एयरफोर्स के अधिकारी एम विशु कुमार, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी के अलावा नगर निगम के अधिकारी एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।