तेज हवा के साथ मंगलवार दोपहर हुई बारिश से शहर में एक बार फिर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को खासी मुसीबतें उठानी पड़ी। जिला अस्पताल रोड पर जलभराव की स्थिति बेहद खराब थी। नालों के गंदे पानी से होकर मरीजों, तीमारदारों और राहगीरों को गुजरना पड़ा। कई इलाकों में जाम भी लगा।
कई दिनों से हो रही तेज गर्मी के बीच मंगलवार दोपहर तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई तो लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, मगर किसी काम से घर से बाहर निकले लोगों को परेशानी भी उठानी पड़ी। बारिश के दौरान लोग भीगने से बचने की कोशिश करते देखे गए। कोई शेड के नीचे तो कोई पेड़ या बस स्टाप पर खड़े होकर बारिश के रुकने का इंतजार करने लगे। बारिश थमी तो लोगों को जलभराव और कीचड़ का सामना करना पड़ा।
इन इलाकों में हुआ जलभराव
कचहरी, विधायक की गली, दाउदपुर, रुस्तमपुर ढाला, ट्रांसपोर्टनगर, बेतियाहाता, शास्त्री चौक, जिला अस्पताल, टाउनहाल, बक्शीपुर, हरिओमनगर, जिला पंचायत रोड, मोहद्दीपुर, बुद्ध विहार, कचहरी चौक, रेलवे बस स्टैंड, गोलघर आदि जगह पर सड़कें पानी में डूब गईं।
कीचड़ से सन गई फल और सब्जी मंडी
बारिश के कारण फल और सब्जी मंडी कीचड़ से सन गई। गंदे पानी कई जगह पर भर गए। इससे व्यापारियों और यहां आए ग्राहकों को परेशानी झेलनी पड़ी। रिक्शा या अन्य छोटे वाहनों को धक्का लगाकर कीचड़ से निकाला जा रहा था।