संतकबीरनगर । भारतीय स्टेट बैंक की मगहर शाखा में मंगलवार को समय से पहले ताला बंद करने को लेकर खाता धारक आक्रोशित हो गए। खाताधारकों ने बैंक में ड्यूटी कर रहे गार्ड से ताला खोलने को कहा, लेकिन ताला न खुलने से खाताधारकों और गार्ड के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। घटना की सूचना पर पहुंचे मगहर चौकी के पुलिस कर्मियों ने ताला खुलवाया। उसके बाद मामला शांत हुआ।
खाताधारक मेराज अहमद खान, मोहम्मद अकमल, रमेश गुप्ता, तैमूर मलिक, शमसुद्दीन, मोहम्मद इमरान, अब्बास अली, नाजिम, प्रिंस, विजय चंद्र, शाहिद आदि का आरोप है कि समय से पहले ही बैंक के गेट पर अपराहन तीन बजे ही ताला लगा दिया गया। खाताधारकों ने बैंक में ताला बंद देखकर इसे खोलने को बैंक में ड्यूटी कर रहे हैं गार्ड से कहा। गार्ड ने ताला खोलने से मना कर दिया। जिसे लेकर खाताधारक भड़क गए और हंगामा करने लगे। बैंक के गार्ड ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे दो पुलिसकर्मियों के हस्तक्षेप के बाद बैंक के ताले को खुलवाकर मामले को शांत कराया गया। इस संबंध में मैनेजर आरपी तिवारी ने बताया कि कैश नहीं था। इस लिए द्वार को बंद कर दिया गया था। जरूरत के हिसाब से कैश उपलब्ध नहीं हो पाने से उपभोक्ता तमाम तरह की उल्टी- सीधी बातें करते है। ऐसे में कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस कर्मियों को सतर्कता बरतनी चाहिए।