अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर।
गोरखपुर यूनिवर्सिटी परीक्षा के दौरान समर्थकों के साथ कैंपस में दाखिल होने को लेकर छात्रसंघ अध्यक्ष अमन यादव और चीफ प्रॉक्टर प्रो. सतीश चंद्र पांडेय के बीच विवाद हो गया। नियम कानून की दलील दे रहे चीफ प्रॉक्टर से विद्यार्थियों की तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद नाराज अध्यक्ष और उनके समर्थक गेट पर हंगामा करने लगे। खबर पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। करीब चार घंटे तक विद्यार्थियों का गुट इधर-उधर विरोध प्रदर्शन करते रहे।
घटना शनिवार की सुबह दस बजे के करीब हुई। यूनिवर्सिटी में प्रथम पाली में एलएलबी की प्रवेश परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष अमन यादव अपने समर्थकों के साथ चारपहिया वाहन से आ गए। वह गेट से अंदर दाखिल होना चाहते थे। वहीं मौजूद चीफ प्रॉक्टर प्रो. सतीश चंद्र पांडेय गेट पर चेकिंग कर रहे थे। उन्होंने परीक्षा होने की दलील देते हुए कैंपस में दाखिल होने से रोक दिया। इसी बात पर अध्यक्ष और उनके समर्थक नाराज हो गए और वह हंगामा करने लगे। खबर पाते ही यूनिवर्सिटी परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारी, शिक्षक और छात्र एकत्र होने लगे। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और समझाने लगी लेकिन उनकी सारी कोशिश नाकाम रही। इसके बाद विद्यार्थियों का हुजूम रजिस्ट्रार ऑफिस पहुंच गया और वहां पर अध्यक्ष ने शिकायत दर्ज कराई। करीब दो बजे तक यूनिवर्सिटी गेट से लेकर प्रशासनिक भवन तक विद्यार्थियों का हंगामा जारी रहा। बाद में रजिस्ट्रार अशोक अरविंद ने विद्यार्थियों को समझाते हुए जांच कर कार्रवाई कर आश्वासन दिया, जिसके बाद वे शांत हुए।
दूसरी पाली में फिर किया हंगामा
काफी मशक्कत के बाद विद्यार्थियों का गुस्सा एक बार शांत हो गया था लेकिन दोपहर की पाली में परीक्षा शुरू होते ही एक बार फिर आक्रोशित हो गए। उनकी दलील थी कि यदि विद्यार्थी और छात्रसंघ पदाधिकारी केंद्र तक वाहन से नहीं जा सकते हैं तो शिक्षक भी गेट से पैदल जाएं। अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शाम तक बैकफुट पर गया यूनिवर्सिटी प्रशासन
शनिवार की सुबह छात्रसंघ अध्यक्ष को कैंपस में दाखिल होने से रोके जाने को लेकर नियम कानून की दलील दे रहे यूनिवर्सिटी प्रशासन के अफसर शाम तक बैकफुट पर आ गए। पूरे मामले पर कोई भी कुछ बोलने से बचता रहा। खुद प्रॉक्टर भी इस मसले पर बोलने से बचे। उनका कहना था कि नियम से काम किए गए हैं और जो नियम हैं उसी के अनुसार आगे भी काम होगा।
- चीफ प्रॉक्टर से भिड़े छात्रसंघ अध्यक्ष
- परीक्षा के दौरान कैंपस में दाखिल होने से रोकने पर हुआ विवाद
- गेट पर विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया, रजिस्ट्रार से की शिकायत