आज से बिना कार्ड निकाल सकेंगे एटीएम से रुपये
- भारतीय स्टेट बैंक उपभोक्ताओं के लिए शुरू कर रहा है सुविधा
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। स्टेट बैंक के खाताधारक अब बिना एटीएम कार्ड के ही एटीएम से पैसे निकाल सकेंगे। योनो एप पर आधारित यह सुविधा आज से एसबीआई के चुनिंदा एटीएम बूथों पर उपलब्ध होगी। गोरखपुर में सेवा की शुरुआत उप महाप्रबंधक पीसी बरोड़ मुख्य कार्यालय के ई-कॉर्नर से शुक्रवार को करेंगे।
बरोड़ ने बताया कि बैंक के अध्यक्ष रजनीश कुमार ने नौ फ रवरी को गोरखपुर दौरे के दौरान इस सेवा की शुरुआत की घोषणा की थी। वे अध्यक्ष शुक्रवार से इसकी शुरुआत कर रहे हैं। योनो कैश नाम की इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए उपभोक्ता को सबसे पहले इंटरनेट बैंकिंग की सुविधा शुरू करानी होगी। ये सुविधा http://onlinesbi.com पर एटीएम कार्ड द्वारा पंजीकरण कराकर शुरू कराई जा सकती है।
एप पर आया ओटीपी एटीएम में डालने पर मिलेंगे रुपये
योनो कैश को सुरक्षित बनाने के लिए बैंक ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। रुपये निकालने के लिए योनो एप में लॉगिन कर आवश्यकता के अनुसार पांच सौ से 10000 तक की राशि का चयन करना होगा। इसके बाद खाताधारक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के जरिए ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) आएगा जो केवल 30 मिनट के लिए वैध होगा। इसके बाद योनो कैश सुविधायुक्त एटीएम में जाकर एटीएम होमपेज के मेन्यू में से आईटीएम योनो कैश का चयन कर अपने पंजीकृत मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी डालने के बाद स्क्रीन में उसी राशि को प्रविष्टि करना होगा जो एप में डाली है। इसके बाद कुछ और विकल्पों के चयन के बाद धनराशि मिल जाएगी।