गोरखपुर। महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शिव मंदिरों और मेलों की ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जाएगी। महादेव झारखंडी, गोरखनाथ सहित कुछ अन्य मंदिरों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
जिले में लगभग 112 और शहर में 80 शिवालय हैं, जहां शिवरात्रि का मेला लगता है। जिले में श्रद्धालुओं के साथ ही मेला परिसर की सुरक्षा में दो कंपनी पीएसी, मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था में लगभग 100 दरोगा, दस महिला दरोगा, साढ़े चार सौ सिपाही और करीब पांच सौ होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं हल्के के सिपाही और हल्का दरोगा से भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखने के लिए कहा गया है। महादेव झारखंडी, तिवारीपुर के बसियाडीह, मानसरोवर, राजघाट में मुक्तेश्वरनाथ, गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा पर अधिकारियों की विशेष नजर है। महादेव झारखंडी में डीएफएमडी, एचएफएमडी के साथ ही डॉग स्क्वाएड की टीम की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। शहर के मंदिरों पर 50 दरोगा, चार महिला दरोगा, 140 सिपाही, 30 महिला सिपाही,115 होमगार्ड और पीएसी के साथ ही क्राइम ब्रांच और एलआईयू की टीम के सदस्य भी बिना वर्दी के तैनात किए जाएंगे।
ऐसे रहेगा रूट डायवर्जन
गोरखपुर। महाशिवरात्रि पर्व पर 4 मार्च को सुबह चार बजे से रात ग्यारह बजे तक भारी वाहन का यातायात बदला रहेगा।
रेलवे रोडवेज बस स्टैंड से देवरिया जाने वाली बसें यूनिवर्सिटी चौराहा, छात्रसंघ, पैडलेगंज, अमर उजाला तिराहा, तारामंडल होकर जाएंगी।
देवरिया से आने वाली सभी बसों को राबार बाईपास से तारामंडल, अमर उजाला तिराहा, पैडलेगंज, छात्रसंघ, यूनिवर्सिटी चौराहा होकर आना होगा।
कुशीनगर से आने वाले सभी भारी वाहन कूड़घाट तिराहे से मोहद्दीपुर, पैडलेगंज होकर जाएंगे।
रोडवेज बस स्टैंड से महराजगंज, सिद्वार्थनगर जाने वालीं सभी बसें यूनिवर्सिटी चौराहा से मोहद्दीपुर, चारफाटक ओवरब्रिज, कौवाबाग, पादरी बाजार, खजांची होकर जाएंगी।
महराजगंज, सिद्वार्थनगर, की तरफ से आने वाली बसें बरगदवां, खजांची, पादरी बजार, कौवाबाग, मोहद्दीपुर होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगी।