गोरखपुर। ग्राम विकास अधिकारी की परीक्षा देने के बाद लौट रहे परीक्षार्थियों ने दुर्ग एक्सप्रेस की कई स्लीपर बोगियों में कब्जा कर लिया। परीक्षार्थियों की संख्या ज्यादा होने से आरक्षित बर्थ वाले यात्री परेशान हो गए। रविवार को दोपहर करीब एक बजे काफी संख्या में परीक्षार्थी स्टेशन पहुुंच गए। ज्यादातर यात्री देवरिया, सलेमपुर, भटनी, मऊ, वाराणसी जाने वाले थे। स्टेशन पर जैसे ही पता चला कि नौतनवां से दुर्ग जाने वाली दुर्ग एक्सप्रेस कुछ ही देर में रवाना होने वाली है, परीक्षार्थी उसमें चढ़ गए।
अचानक भीड़ बढ़ने से सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त हो गई। परीक्षार्थी ज्यादातर स्लीपर बोगियों में चढ़ गए और कब्जा कर लिया। ऐसे में बहुत से यात्रियों को सीट ही नहीं मिली। उनका कहना था कि जब परीक्षा पहले से घोषित थी तो रेल प्रशासन को व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखनी चाहिए थी।