गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन दो से चार नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसमें अमेरिका, ब्रिटेन, जापान सहित 12 देशों के विशेषज्ञ भाग लेंगे। सम्मेलन में 32 तकनीकी शोध पत्र समेत 234 शोधपत्र पढे़ जाएंगे।
जनसंपर्क अधिकारी डॉ. दयाशंकर सिंह ने बताया कि सम्मेलन की अध्यक्षता कुलपति डॉ. श्रीनिवास सिंह करेंगे। सम्मेलन में दो व्याख्यान होंगे। पहला रिसर्च बेंट आफ माइंड विषय पर केंद्रित है जिसे आईआईआईटी प्रयागराज के निदेशक आचार्य डॉ. पी नागभूषण संबोधित करेंगे। दूसरा व्याख्यान पावर मार्केट स्ट्रेटजी विषय पर होगा। जिसमें जीई साफ्टवेयर वाशिंगटन, अमेरिका के पावर सिस्टम टेक्नोलाजी के पूर्व डायरेक्टर एवं इंडिपेंडेंट ग्रिड मैनेजमेंट कल्संटेंट डॉ. जय गिरी व्याख्यान देंगे।
अन्य प्रमुख वक्ताओं में जापान के रयूकस विश्वविद्यालय के तीन शिक्षक डॉ. तोमोहिबा वाडा, डॉ. मबातो बाइतो, डॉ. कैंग डांगशिक, एडिन बर्ग विश्वविद्यालय यूके के दो शिक्षक डॉ. एरिसटाइड्स किप्राकिस, डॉ. जान थांपसन होंगे। डेनमार्क प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के डॉ. वैसिलियोस एगलिडिस, आईआईआईटी प्रयागराज के वरिष्ठ शिक्षक डॉ. जीसी नंदी, आईआईटी कानपुर के सह आचार्य डॉ. योगेश सिंह चौहान, आईआईटी गांधीनगर के डॉ. एनएम पिंडोरिया, आईआईटी दिल्ली के विशेषज्ञ डॉ. भीम सिंह भी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।