गोरखपुर। नंदानगर रेलवे क्रासिंग पर अंडरपास निर्माण के चलते मंगलवार को चार ट्रेनों को रास्ता बदलकर चलाया गया। बुधवार से बिहार से जाने वाली वैशाली एक्सप्रेस और बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को देवरिया, सीवान, छपरा की जगह नरकटियागंज-कप्तानगंज के रास्ते चलाया जाएगा। रूट बदलने से दूरी बढ़ जाएगी और समय भी ज्यादा लगेगा। हालांकि एहतियात के तौर पर रेलवे स्टेशनों पर इसकी जानकारी प्रसारित कराई जा रही है।
रेलवे क्रासिंग पर अंडरपास निर्माण के लिए 24 व 28 अक्तूबर को मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। अभी ट्रैक के नीचे बाक्स रखने के लिए मिट्टी खनन का काम चल रहा है। ज्यादा लोड न पड़े इसलिए अधिकांश ट्रेनों का रास्ता बदल दिया गया है। 10 घंटे का मेगा ब्लॉक लेने के वक्त कोई भी ट्रेन नहीं गुजरेगी। मंगलवार को अमृतसर-जयनगर शहीद एक्सप्रेस, काठगोदाम-हावडा बाघ एक्सप्रेस, कटिहार-अमृतसर आम्रपाली एक्सप्रेस और शालीमार-गोरखपुर एक्सप्रेस को रास्ता बदलकर चलाया गया।
तीन और ट्रेनें निरस्त की गईं
गोरखपुर। पूर्व मध्य रेलवे के डेहरी ऑनसोन स्टेशन पर नान इंटरलॉक कार्य एवं पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर कैंट-कुसम्ही स्टेशनों के बीच नंदानगर रेलवे क्रासिंग पर अंडरपास निर्माण के चलते तीन और ट्रेनें निरस्त कर दी गई हैं। इससे पहले 16 जोड़ी ट्रेनें निरस्त की जा चुकी हैं। एनईआर के सीपीआरओ ने बताया कि (55141/55142) गोरखपुर-नौतनवा-गोरखपुर पैसेंजर ट्रेन 24 एवं 28 अक्तूबर, (55150) वाराणसी सिटी-गोरखपुर पैसेंजर ट्रेन 23 से 27 अक्तूबर तक और (15021) गोरखपुर-शालीमार एक्सप्रेस 30 अक्तूबर को निरस्त रहेगी।