सिद्धार्थनगर के ध्यानार्थ- फोटो के साथ
:::::::::::::::::::::::::::
चित्रकारी के हुनर को बनाया रोजगार का जरिया
- एमए के छात्र शिवम ने वेबसाइट और यू ट्यूब का लिया सहारा
- अब तक 87 पेंटिंग व स्केच के आर्डर मिल चुके
राजन राय
गोरखपुर। कैनवास पर जब शिवम की कूंची चलती है तो एक संदेश भी देती है। चित्रकारी के इस हुनर को शिवम ने अब रोजगार का जरिया बनाया है। छह साथियों को जोड़कर टीम तैयार की और उन्हें भी रोजगार मुहैया करा रहे हैं। शिवम ने इसके लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया है। वेबसाइट और यू-ट्यृूब पर चित्र और स्केच को अपलोड करते हैं। छह महीने में उन्हें गोरखपुर, लखनऊ, दिल्ली और उड़ीसा से 87 आर्डर मिल चुके हैं। शिवम चाहते हैं उनकी टीम पूरी तरह प्रोफेशनल बने, इसके लिए वे दूसरे चित्रकारों के ग्रुप से भी संपर्क करने में जुटे हैं।
सिद्धार्थनगर, उसका बाजार के पर्ती बाजार निवासी शिवम गुप्ता गोरखपुर विश्वविद्यालय से चित्रकला में परास्नातक कर रहे हैं। उनके पिता प्रेम पुजारी की गांव के बाजार में ही इलेक्ट्रिक की दुकान है जबकि मां शंकलावती गृहिणी हैं। शिवम को चित्रकारी का शौक बचपन से है। शिवम पढ़ाई के साथ एक सॉफ्टवेयर कंपनी में नौकरी भी करते हैं। सुबह पैसेंजर ट्रेन से गोरखपुर आने में तीन घंटे लगते हैं। इस समय का उपयोग वे स्केच बनाने में करते हैं। वे ज्यादातर पेंटिंग प्रकृति की सुंदरता पर ही बनाते हैं। शिवम अपनी टीम का दायरा भी बढ़ा रहे हैं। दक्षिण भारत के कुछ युवाओं को जोड़ा है। शिवम चाहते हैं कि यहां के हुनर को भी एक बेहतर प्लेटफॉर्म मिले और इसे लेकर उनकी कोशिश जारी है।
-
यू-ट्यूब पर ढाई हजार से ज्यादा लोगों सराहा
शिवम ने sartclub.com पर तीन सौ से ज्यादा तस्वीरें पोस्ट की हैं। वहीं यू ट्यूब पर sart चैनल भी शुरू किया है। पांच लाख लोगों ने इसे देखा है और ढाई हजार से ज्यादा लोगों ने सराहा है।
-
चित्रकारी की कीमत
पेंसिल स्केच : 299 रुपये
कलर स्केच : 499 रुपये
ऑयल पेंटिंग : 1000 रुपये
-
टीम के साथी चित्रकार
वृशाली, रामपाल, हिमांशु, राम, प्रीति, मनिंद्रा, धर्मराज।