गोरखपुर। गोरखपुर क्षेत्र के महामंत्री सहजानंद राय को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली का प्रभारी बनाया गया है। यह रैली 14 जुलाई को आजमगढ़ में होगी। क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह रैली की तैयारी में जुटे हैं। वह आजमगढ़ में कैंप कर रहे हैं।
पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के शिलान्यास और प्रधानमंत्री की रैली को एतिहासिक बनाने के उद्देश्य से भाजपा गोरखपुर क्षेत्र ने प्रभारी नामित कर दिए हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी प्रेमचंद्र मिश्र और अजय तिवारी हैं। लालगंज लोकसभा क्षेत्र का प्रभारी अजय सिंह गौतम और सज्जनमणि त्रिपाठी को बनाया गया है। मऊ लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी दुर्गा राय, देवेंद्र यादव और बलिया लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी दयाशंकर सिंह और जीत प्रताप राव बने हैं। देवरिया के बरहज और रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिन्हा बने हैं। गोरखपुर के बांसगांव, खजनी और चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी पूर्व विधायक जय प्रकाश निषाद को बनाया गया है।
मुख्यमंत्री करेंगे क्षेत्रीय कार्यकारिणी के साथ बैठक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को आजमगढ़ में गोरखपुर क्षेत्र के अध्यक्ष, महामंत्री और उपाध्यक्ष सहित तमाम पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। वह संगठन के कामकाज की जानकारी लेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री की रैली को सफल बनाने से संबंधित दिशा-निर्देश देंगे।