कुशीनगर। पटहेरवा थाना क्षेत्र पिपरा कनक स्थित सेंट्रल बैंक की शाखा से बुधवार को दोपहर बाद पहुंचे तीन लोग बैंक में मौजूद एक युवक को जबरन बाइक पर बैठा कर ले गए। इससे बैंक परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई।
बुधवार को दिन के करीब तीन बजे दो बाइक से तीन लोग सेंट्रल बैक के पिपरा कनक शाखा में पहुंचे और अपने को पुलिसकर्मी बताकर बैंक के गार्ड से गेट खुलवाकर अंदर घुस गए। इन लोगों ने बैंक में मौजूद ग्राहकों के बीच से एक युवक को पकड़ा और बाहर निकल गए। जब तक लोग कुछ समझ पाते, ये लोग युवक को जबरन बाइक से लेकर समउर बाजार की तरफ निकल गए। अचानक इस तरह की कार्रवाई से वहां मौजूद लोग सन्न रह गए। मामले की जानकारी के लिए बैंक के बाहर लोग एकत्र हो गए थे। हालांकि देर शाम तक युवक और उसे ले जाने वालों के विषय में कुछ जानकारी नहीं हो पाई। इस संबंध में एसओ पटहेरवा उमाशंकर यादव ने कहा कि उन्हें इस तरह के मामले की जानकारी नहीं है। बैंक प्रबंधन या किसी पुलिस टीम की तरफ से भी उन्हें सूचना नहीं मिली है। मामले की जानकारी कराई जाएगी।