गोरखपुर। गोरखपुर यूनिवर्सिटी के कैंपस में प्रवेश को लेकर बुधवार को एक रिसर्च स्कॉलर मेन गेट पर चीफ प्रॉक्टर से भिड़ गया। काफी देर तक इसे लेकर हंगामा चलता रहा। बाद में रिसर्च स्कॉलर के समर्थन में आए छात्रों ने माहौल और गरमा दिया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने रिसर्च स्कॉलर को समझाकर मामला शांत कराया।
बुधवार दोपहर करीब एक बजे चीफ प्रॉक्टर प्रो. सतीश चंद पांडेय मेन गेट पर कैंपस में जाने वाले विद्यार्थियों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान इतिहास विभाग के एक रिसर्च स्कॉलर ने बाइक लेकर कैंपस में प्रवेश करने की कोशिश की तो प्रॉक्टर ने उसे रोक लिया। रिसर्च स्कॉलर ने क्लास का हवाला दिया तो प्रॉक्टर ने अन्य विद्यार्थियों की तरह बाइक स्टैंड में खड़ीकर अंदर जाने की सलाह दी। यह बात उसे नागवार लगी और हंगामा शुरू कर दिया।