गोरखपुर। रविवार को बरहुआं ट्रांसमिशन स्टेशन की मरम्मत के बाद से ज्यादा बिगड़ी शहर की बिजली व्यवस्था को बुधवार तक पटरी पर लाया नहीं जा सका था कि इस बीच बुधवार देर रात आई तेज आंधी के साथ शहर की लाइट फिर उड़ गई। हालांकि नार्मल फीडर से जुड़े कुछ इलाकों में आंधी आने के पहले से ही बिजली गायब थी। आंधी के बाद बूंदाबांदी शुरू हुई। मौसम सामान्य होने के बाद भी शहर के कई क्षेत्रों में रात भर बिजली का इंतजार होता रहा।
शहर व आसपास इलाके में तेज आंधी का सिलसिला देर रात करीब 1.15 बजे शुरू हुआ। लगभग 12 मिनट के तेज अंधड़ से कई जगह टीन शेड उड़ गए। इससे छतों पर सो रहे लोगों में अफरा तफरी मच गई। आंधी का पीछा करती आईं तेज बूंदों ने लोगों को गर्मी से राहत दी लेकिन इसी बीच शहरभर में बिजली जाने से ब्लैक आउट की स्थिति हो गई। लंबे बिजली कट से कमरों में मौजूद लोगों को भयंकर उमस का सामना करना पड़ा। एक दिन पहले आई बारिश से गहराई जलभराव की समस्या से फल मंडी, कचहरी बस स्टैंड, अस्पताल रोड, टाउनहाल, बेतियाहाता के कई इलाके बुधवार को भी नहीं उबर सके।