गोरखपुर। 45 लाख के बिजली बकाए पर सील हुए सहारा स्टेट क्लब को तहसील प्रशासन ने मंगलवार को खोल दिया। तहसील प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध बताते हुए नगर विधायक ने विरोध जताया था। उधर सहारा स्टेट रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों ने नगर विधायक के प्रति अपना आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही तहसील प्रशासन ने अपनी गलती स्वीकार की और सील तोड़ने का निर्णय किया।
सोसाइटी अध्यक्ष दिनेश कुमार राय और सचिव राजवीर यादव ने इस कार्रवाई को अवैध बताते हुए कहा कि सहारा इंडिया से बकाए की वसूली के लिए तहसील प्रशासन ने सीजर की कार्रवाई की थी जबकि क्लब साझा क्षेत्र का हिस्सा है। इस अवैध कार्रवाई में नगर विधायक ने सोसाइटी के लोगों का पूरा सहयोग किया। सील सदर तहसील के अमीन दीप चन्द व उनकी टीम ने तोड़ा। क्लब का सील खुलने के मौके पर सोसाइटी के अध्यक्ष, सचिव के अलावा डॉ एपी त्रिपाठी, वंदना राय, सुशीला राय, राम अवतार शर्मा, मानवेंद्र सिंह, कृष्ण मूर्ति राय, पूर्व सचिव संजय प्रकाश दूबे, वीएन पाण्डेय, दिलीप मिश्रा समेत कई सदस्यों खुशियां मनाई और एक दूसरे को बधाई दी। यह जानकारी सोसाइटी के मीडिया प्रभारी कृष्ण मूर्ति राय विज्ञप्ति के माध्यम से दी।