गोरखपुर। एयरपोर्ट पर नए टर्मिनल के उद्घाटन के मद्देनजर नंदा नगर पुलिस चौकी के पास होर्डिंग लगाने गए जीडीए के अफसरों से एयरफोर्स के अफसरों की हल्की नोकझोंक हो गई। एयरफोर्स ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए होर्डिंग नहीं लगाने दिया, जिससे प्राधिकरण के अफसरों को बैरंग लौटना पड़ा। जीडीए का कहना है कि वे बुधवार को फिर होर्डिंग लगाने जाएंगे।
गोरखपुर आगमन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार की सुबह 11 बजे एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। उनके स्वागत और इस उपलब्धि को लेकर जीडीए के सहायक अभियंता अवनींद्र सिंह की अगुवाई में प्राधिकरण के अफसर, कर्मचारी मंगलवार की शाम नंदा नगर पुलिस चौकी के पास होर्डिंग लगवा रहे थे। सूत्रों के मुताबिक इसकी सूचना जैसे ही एयरफोर्स अफसरों को हुई तो उन्होंने मौके पर पहुंच कर काम रोकवा दिया। उनका कहना था कि होर्डिंग की ऊंचाई सुरक्षा के मद्देनजर एयरफोर्स की ओर से तय मानक से अधिक है। साथ ही जहां होर्डिंग लगाई जा रही थी, वह क्षेत्र भी प्रतिबंधित है। इसपर जीडीए के सहायक अभियंता अनवींद्र सिंक का कहना था कि वे जहां होर्डिंग लगा रहे हैं वह क्षेत्र एयरफोर्स से 1200 मीटर की दूरी पर है। होर्डिंग की ऊंचाई भी मानक के मुताबिक है। इसपर काफी देर तक बहस चलती रही, जिसके बाद जीडीए की टीम को लौटना पड़ा।