गोरखपुर। परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक अब विद्यार्थियों के नशे की लत को दूर करेंगे। इसके लिए उन्हें प्रयागराज के राज्य शिक्षा संस्थान में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहले चरण में सह समन्वयकों और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के छह शिक्षकों को चुनकर प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। वापस लौटने के बाद ये शिक्षक कार्यशालाओं के माध्यम से जिले के अन्य शिक्षकों को भी जागरूक करेंगे। गोरखपुर के शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण का आयोजन 13-14 मार्च को किया जाएगा। प्रशिक्षण में खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले शिक्षकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
शासन को लगातार ये शिकायतें मिल रहीं थीं कि छोटी उम्र में ही बच्चे मादक पदार्थों का सेवन कर रहे हैं। इनमें ज्यादातर प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थी हैं। इसी को ध्यान में रखकर बेसिक शिक्षा विभाग ने ये फैसला किया है कि शिक्षक बच्चों को मित्र बनकर उन्हें नशे के चंगुल से छुड़ाएंगे।