गोरखपुर। मजबूत लोकतंत्र और सदन में योग्य व्यक्ति ही पहुंचे इसके लिए शहर के विद्यार्थियों ने जिम्मेदारों से अपील की। एक सुर में कहा, मतदान कर ऐसा काबिल नेता चुनें जो विकास का द्वार खोले, जो लोकतंत्र की नींव को मजबूती दे। ताकि उनका भविष्य सुनहरा हो। लेकिन यह तभी संभव होगा जब लोग वोट के लिए बूथ पर पहुंचें।
मौका था ‘अमर उजाला’ की ‘अपराजिता’ मुहिम के तहत शुक्रवार को निकली ‘मतदाता जागरूकता रैली’ का। सुबह 11 बजे डीएम के विजयेंद्र पांडियन ने पंत पार्क से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जोश से लबरेज विद्यार्थियों ने भी ऐसी हुंकार भरी कि फिजा मतदाता जागरूकता के साथ-साथ देशभक्ति के नारों से गूंज उठी। मतदान की अलख जगाने के लिए जब इनके कदम बढ़े तो कारवां बन गया।
यूनिवर्सिटी चौराहा, इंदिरा बाल विहार, हरिओमनगर के रास्ते गुजरती इस अद्भुत रैली को निहारते रहे। मतदाता जागरूकता और नारी सशक्तिकरण का संदेश देती तख्तियों को हाथों में उठाए एक-एक विद्यार्थी हर किसी को मतदान जरूर करने का संदेश देता दिखा। ‘आधी रोटी खाएंगे पर वोट डालने जाएंगे’ के उद्घोष के साथ वंदे मातरम् और भारत माता के जयकारों से रैली में शामिल हर शख्स जोश से भरता रहा। वापस पंत पार्क में रैली के समापन पर पीएसी के बैंड ने देशभक्ति की धुन बजाकर जिम्मेदार शहरवासियों का अभिनंदन किया।
सज गई गंगा-जमुनी तहजीब की झांकी
रैली में शहर के हर वर्ग के लोग शामिल थे। जब शिक्षक, विद्यार्थी, व्यापारी, नौकरीपेशा, धर्मगुरु, स्वयंसेवी आदि क्षेत्र के लोग धर्म, जाति, संप्रदाय के बंधनों से परे होकर इस रैली में जुटे तो खुद-ब-खुद गंगा-जमुनी तहजीब की झांकी सज गई। तिलकधारी के साथ टोपी पहने इमाम कदमताल करते दिखे तो ईसाई पुरोहित और पेश इमाम गर्मजोशी से मिलते नजर आए। डीन ऑफ गोरखपुर अजीत लारेंस और दरगाह मुबारक खां शहीद के पेश इमाम मकसूद आलम मिस्बाही ने रैली की सराहना की। कहा, वह बतौर धर्मगुरु लोगों को मतदान अवश्य करने के लिए प्रेरित करेंगे। दरगाह मुबारक खां शहीद से कारी शराफत हुसैन, हाफिज आतिफ रजा, शोएब रजा, शाकिब रजा, सैफ अली, सुहैल अहमद, मजहर हुसैन आदि मौजूद रहे। मदरसा दारुल उलूम हुसैनिया इमामबाड़ा दीवान बाजार से प्रधानाचार्य नजरे आलम, मोहम्मद इशहाक, मोहम्मद आजम, सद्दाम हुसैन, फैय्याज अहमद, रेयाजुद्दीन अहमद, फैजुल हक, अब्दुल करीम, सरफराज आदि रैली में शामिल हुए।
नारी सशक्तिकरण पर मयंक के गीत पर झूमी छात्राएं
रैली के समापन कार्यक्रम में बीटीसी छात्र मयंक श्रीवास्तव ने महफिल जमा दी। उन्होंने देशभक्ति और नारी सशक्तिकरण पर तराने छेड़े तो लोग झूम उठे। मयंक ने जब किशोर कुमार का गीत ‘...भारत की नारी है तो तेरे लहू में सीता है’ गाया तो पंत पार्क में मौजूद छात्राएं झूम उठीं।
इन्होंने निभाई सक्रिय भूमिका
मतदाता जागरूकता रैली को सफल बनाने में बेसिक शिक्षा अधिकारी बीएन सिंह, उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. अश्वनी मिश्रा, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार, राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य दिनेश, नगर शिक्षा अधिकारी ब्रह्मचारी शर्मा, जिला समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान विवेक जायसवाल, शिक्षिका सुधा मिश्रा, रमेश चंद गुप्ता, मणि नाथ गुप्ता, गोरखपुर विश्वविद्यालय में एनएसएस के समन्वयक प्रो. केशव सिंह, राजेश तुलस्यान, अनवर हुसैन, पार्षद देवेंद्र गौड़, डॉ. एमडी वर्मन, विनोद बरनवाल, आशा बहू एसोसिएशन की अध्यक्ष चंदा यादव, छात्रनेता सुमित राय आदि ने अहम भूूमिका निभाई।
इन शैक्षिक संस्थान के विद्यार्थियों ने निश्चित मतदान की अपील की
राम गुलाम राय बीटीसी शिक्षण प्रशिक्षण महाविद्यालय, सिक्टौर
राजकीय पॉलिटेक्निक महिला
राजकीय पॉलिटेक्निक
गोरखपुर ताइक्वांडो एसोसिएशन
एमपी बालिका इंटर कॉलेज
कृष्ण कुमार कनोडिया जनता विद्यालय, महुई सुघरपुर
शिशु सेवा सदन कन्या जूनियर हाईस्कूल, दाउदपुर
दरगाह मुबारक खां शहीद मदरसा
मदरसा दारूल उलूम हुसैनिया इमामबाड़ा
पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल
सराफा मंडल असुरन