गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की टीम ने शुक्रवार को बिना मानचित्र स्वीकृत कराए भाजपा नेता व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र प्रताप मल्ल का पैडलेगंज पुलिस चौकी के पास स्थित घर ध्वस्त करा दिया।
जीडीए की टीम का कहना था कि घर को प्राधिकरण की जमीन पर अवैध तरीके से बनाया गया था। उसका मानचित्र भी नहीं स्वीकृत है। वहीं भाजपा नेता महेंद्र प्रताप मल्ल ने बताया कि घर उनकी पत्नी अभिनेत्री मल्ल के नाम से है। उससे संबंधित कोर्ट में केस चल रहा था। कोर्ट ने स्टे भी दे रखा है। बावजूद इसके जीडीए ने बिना किसी नोटिस और पूर्व सूचना के घर ध्वस्त करा दिया। जिस समय यह कार्रवाई हुई, घर पर वह या उनके परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। उन्होंने कहा कि वह इस मामले की शिकायत शासन से करेंगे, साथ ही कोर्ट को भी अवगत कराएंगे।