पुलिस फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
गोरखपुर। जोन की 62वीं अंतर जनपदीय वैज्ञानिक अनुसंधान एवं पुलिस फोटोग्राफी प्रतियोगिता में देवरिया की टीम ओवर ऑल चैंपियन रही। बलरामपुर को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। विजेताओं को एडीजी दावा शेरपा और एसएसपी शलभ माथुर ने शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
पुलिस लाइंस में चार दिनों तक चली प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हुआ। इसमें गोरखपुर जोन की 11 में से 10 टीमें शामिल हुईं। आठ वर्गों में हुई प्रतियोगिता में विधि विज्ञान की लिखित परीक्षा, अंगुली चिन्ह प्रयोगात्मक और मौखिक निरीक्षण घटना स्थल, क्राइम इंवेस्टिगेशन, क्रिमिनल लॉ, मेडिकोलीगल हुई। इसमें देवरिया की टीम ने सर्वाधिक 741 अंक प्राप्त कर ओवरऑल चैंपियन का शील्ड जीता। 739 अंक प्राप्त कर बलरामपुर द्वितीय स्थान पर रहा। विजयी प्रतिभागियों को बतौर मुख्य अतिथि एडीजी दावा शेरपा और एसएसपी शलभ माथुर ने शील्ड और प्रशस्ति पत्र दिया। इस दौरान एसपी उत्तरी रोहित सिंह, सीओ कैंट प्रभात राय, प्रतिसार निरीक्षक आदि मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका में विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ के उप निदेशक सुरेश चंद्रा, विधि विज्ञान लखनऊ के वैज्ञानिक अधिकारी संजय खरे, विधि विज्ञान प्रयोगशाला गोरखपुर के वैज्ञानिक अधिकारी अवधेश कुमार तिवारी, सहायक विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ के ज्येष्ठ वैज्ञानिक कृष्णपाल चौधरी, पुलिस अस्पताल गोरखपुर के चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार श्रीवास्तव रहे।