गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न मिलने गोरखनाथ मंदिर पहुंचे इलाहाबाद के युवक ने सुरक्षा कारणों से मंशा पूरी न होने पर जहर खा लिया। हालत बिगड़ती देख उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर है।
जान देने की कोशिश करने वाला इलाहाबाद के मांडा थाना क्षेत्र निवासी लक्ष्मीकांत का पुत्र रजनीकांत बताया जा रहा है। बृहस्पतिवार को इस वक्त शहर में सीएम की चुनावी सभा चल रही थी वह मंदिर पहुंचा। वहां मौजूद लोगों को बताया कि वह गोसेवा करना चाहता है। मांडा (इलाहाबाद) में उसने जब पुलिस वालों को अपनी इच्छा बताई तो एक पुलिस कर्मी ने गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर जाकर गोसेवा करने की सलाह दे दी। इसी राय पर यहां आ गया तो इच्छा हुई कि सीएम से मिलने के बाद गोसेवा शुरू करे।
सीएम के मंदिर पहुंचने से पहले सुरक्षा बढ़ाई जा रही थी कि उसी बीच रजनीकांत ने एक पुलिस कर्मी को खुद जहर खा लेने की जानकारी दी। पुलिस ने उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। देर रात तक होश न आने पर डॉक्टर निगरानी कर रहे हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि मंदिर में बढ़ती सुरक्षा के बीच सीएम तक न पहुंचने में मुश्किल से हताश होकर शायद उसने जान देने की कोशिश की।
एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज का कहना है कि युवक के होश में आने पर असलियत स्पष्ट होगी। मंदिर के आसपास लोगों से उसके एक-दो दिन से उस इलाके में भटकने और मानसिक रोगी जैसे हावभाव होने की जानकारी मिली है। पास मौजूद थैली में गीता और साईं की मूर्ति मिली है।