कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : Amar Ujala
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 31 दिसंबर तक गोरखपुर को खुले में शौच से मुक्त (ओडीएफ) करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रशासन के सभी अधिकारियों के अलावा सांसद, विधायकों को भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करनी होगी। इस पुनीत कार्य के लिए चंदा लेने में भी कोई हर्ज नहीं है।
मुख्यमंत्री ने ये बातें दीक्षा भवन में प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए स्वीकृति पत्र वितरण के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि जब भी गांव में जाते हैं तो एक बदसूरत तस्वीर पेश होती है। ऐसे में इसे बदलने की जिम्मेदारी सभी की है। जिला प्रशासन इसे अभियान के तौर पर ले। वहीं जनप्रतिनिधियों से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि अगर चुनाव लड़ने के लिए वे चंदा ले सकते हैं तो चंदा लेकर शौचालय का निर्माण भी किया जा सकता है। जो भी व्यक्ति चंदा दे उस व्यक्ति के नाम का बोर्ड लगाना चाहिए। इस मौके पर डीएम राजीव रौतेला ने कहा कि खुले में शौच से मुक्त शहर बनाने के मामले में गोरखपुर को आइडियल के तौर पर पेश करेंगे। अभी प्रतिदिन 250 से 300 शौचालय बनवाए जा रहे हैं।
डॉ. कौशिक ही बनवा देंगे एक लाख शौचालय
कार्यक्रम में शहर के जाने-माने चिकित्सक डॉ. एचसी कौशिक भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर को खुले में शौच से मुक्त बनाने के लिए डॉ. कौशिक ही एक लाख शौचालय बनवा देंगे।
पीएम मोदी का तीन साल का कार्यकाल देश का स्वर्णिम काल
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तीन साल का कार्यकाल देश का स्वर्णिम काल है। देश के साथ गरीबों के विकास के लिए भी कई योजनाओं पर काम किया गया। उन्होंने कहा कि जो सरकार गरीबों की समस्याएं दूर करने के लिए काम नहीं करती है, उस सरकार को सत्ता में रखने का हक नहीं है।
‘ग्राम्य विकास विभाग का काम सराहनीय’
मुख्यमंत्री ने ग्राम्य विकास विभाग के कामों की तारीफ की। कहा कि मात्र तीन दिन में ग्राम्य विकास विभाग ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र देने के कार्यक्रम को बखूबी तैयार कर लिया। इसके अलावा विभाग पेयजल के क्षेत्र में भी बेहतर काम कर रही है। बुंदेलखंड के अलावा आगरा समेत कुछ और मंडल पेयजल के लिहाज से डार्क जोन में आ गए हैं। वाटर लेवल काफी नीचे चला गया है। यहां पेयजल की विशेष व्यवस्था की जा रही है। ग्राम्य विकास विभाग इसे बखूबी निभा रहा है।