सभी केंद्रों, लखनऊ के विशेष ध्यानार्थ
-----
पूर्वोत्तर रेलवे ने हटाए प्रचार वाले टिकट रोल
चुनाव आयोग की सख्ती के बाद पूर्वोत्तर रेलवे ने एहतियातन निर्णय लिया
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। रेलवे के टिकट पर सरकार का गुणगान नजर नहीं आएंगे। चुनाव आयोग की सख्ती के बाद ऐसा किया गया है। अब रेल संरक्षा के संदेश छपे टिकट की बुकिंग शुरू कर दी गई है। रेलवे बोर्ड के निर्देश के बाद एहतियात बरतते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने सरकार के प्रचार वाले सभी टिकट रोल हटा दिए हैं।
दरअसल कुछ स्टेशनों पर आचार संहिता लागू होने के बाद भी पीएम मोदी की तस्वीर छपी टिकटों पर बुकिंग की जा रही थी। मामला बाराबंकी रेलवे स्टेशन का था। रोक के बाद भी बाराबंकी के आरक्षण केंद्र से मोदी और सरकारी योजनाओं के संदेश वाला टिकट जारी हो गया था। इस दौरान ऐसे एक टिकट की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। उसके बाद रेलवे प्रशासन ने सोमवार को बाराबंकी के चार आरक्षण कर्मियों को निलंबित कर दिया। फिर पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ, वाराणसी और इज्जतनगर मंडल के सभी स्टेशनों से मोदी, कुंभ के संदेश और सरकारी योजनाओं के संदेश छपे टिकट रोल को हटा दिया गया है। लखनऊ मंडल के डीसीएम देवानंद यादव ने बताया कि रेलवे बोर्ड का निर्देश मिलते ही सभी स्टेशनों से टिकट रोल मंगा लिए गए। साथ ही रेल संरक्षा संदेश छपे टिकट रोल सभी स्टेशनों पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।