गोरखपुर। अब सूरज से नरमी की उम्मीद छोड़ दीजिए। उसके तेवर तल्ख होने वाले हैं। अगले पांच छह दिन में पारा चढ़कर 35 डिग्री तक पहुंच सकता है। हालांकि 15 मार्च को बारिश की फुहार से राहत मिल सकती है, लेकिन इसके बाद उमस बढ़ेगी।
मार्च में सामान्य अधिकतम तापमान 33 डिग्री के आसपास होता है, लेकिन इस मार्च के मध्य में पारा चढ़कर 35 डिगी तक पहुंच जाने की संभावना है। पिछले 10 साल के दौरान 15 मार्च के पहले सिर्फ 2012 में एक बार ऐसा हुआ था कि तापमान 35 के पार पहुंचा था।
सामान्य तौर पर इतना तापमान मार्च के अंतिम सप्ताह में हुआ करता है। पिछले 10 साल के दौरान मार्च के अंतिम सप्ताह में 2010 में अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री पहुंच गया था। जिला आपदा प्रबधंक प्राधिकरण गोरखपुर के क्लाइमेट सेल की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार 14 मार्च तक आकाश साफ रहेगा। नौ मार्च से तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी। इस दौरान 13 मार्च को तापमान चढ़कर 35 डिग्री तक पहुंच जाने की संभावना है। इस दौरान करीब 30 किलोमीटर की रफ्तार से उत्तर पश्चिम की ओर से हवा चलने से पसीना छुड़ाने वाली गर्मी होगी।
पिछले पांच साल के दौरान शुक्रवार की सुबह सबसे ठंडी
गोरखपुर। भले ही अगले सप्ताह अधिकतम तापमान में काफी बढ़ोतरी की संभावना है, लेकिन शुक्रवार की सुबह पिछले पांच साल के दौरान सबसे ठंड सुबह रही। न्यूनतम तापमान सामान्य 15.1 डिग्री से करीब पांच डिग्री कम रहा। इसके पहले 2014 में आठ मार्च में को न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री रहा था। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि 2015 में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री (8 मार्च), 2016 में 13.9 डिग्री (2 मार्च), 2017 में 11.8 डिग्री (1 मार्च) और 2018 में 12.1 डिग्री (8 मार्च) को था। कैलाश पांडेय ने बताया कि इस बार पश्चिमी विक्षोभ के ज्यादा सक्रिय होने से मार्च में ऐसी ठंड हो पड़ रही है।