शहर में मिला स्वाइन फ्लू का मरीज, दहशत
14 और संदिग्ध मरीजों के नमूने बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजे गए
गोरखपुर। महराजगंज में स्वाइन फ्लू का रोगी सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमे ने अलर्ट जारी करके बीमारी से निपटने की तैयारियां शुरू ही की थीं कि शहर में भी एक बच्ची में बीमारी की पुष्टि से हड़कंप मच गया है। उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। हालत नाजुक है। वहीं, बीआरडी मेडिकल कॉलेज में बुधवार को 14 संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच के लिए लाए गए हैं।
पादरी बाजार में रहने वाली 10 वर्षीय बच्ची की तबीयत 10 दिन से खराब है। सर्दी-जुकाम के साथ तेज बुखार से परेशान बच्ची को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पहले सामान्य सर्दी-जुकाम मानकर इलाज किया गया। इस बीच उसके गले में संक्रमण बढ़ता गया। आशंका हुई तो नमूना जांच के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने बताया कि स्वाइन फ्लू में इस्तेमाल होने वाली दवा टेमी फ्लू का पर्याप्त स्टाक मंगाया जा चुका है।